पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को एक बार फिर सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर बड़ा ड्रोन हमला किया था। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए इशाक डार ने कहा कि “भारत ने 36 घंटे के भीतर पाकिस्तान की ओर लगभग 80 ड्रोन भेजे थे। इन हमलों में कई पाकिस्तानी सैनिक घायल हुए और सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा।” डार के मुताबिक, भारत ने रावलपिंडी के चकाला इलाके में स्थित नूरखान एयरबेस को सीधे निशाना बनाया।
Op सिंदूर में 11 पाकिस्तानी एयरबेस तबाह
इशाक डार ने यह भी स्वीकार किया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने केवल नूरखान ही नहीं, बल्कि कुल 11 पाकिस्तानी सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया, जिनमें भारी क्षति हुई। भारत की यह सैन्य कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें पाकिस्तान परस्त आतंकियों के हाथों 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी।
पाकिस्तान का कबूलनामा कोई नया नहीं :
यह पहला मौका नहीं है जब इशाक डार ने भारत के हमलों की पुष्टि की हो। इससे पहले जून महीने में जियो न्यूज से बातचीत के दौरान डार ने खुलासा किया था कि 6-7 मई की रात पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा था, तभी भारत ने दोबारा स्ट्राइक करते हुए नूरखान और शोरकोट एयरबेस को निशाना बना दिया। दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में पाकिस्तानी सरकार और सेना लगातार भारत के हमलों से इनकार करती रही, लेकिन बाद में खुद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अब डिप्टी पीएम इशाक डार ने इन हमलों की पुष्टि कर दी।
हालाँकि भारत सरकार और भारतीय सेना की तरफ से पहले ही सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों और सबूत के साथ स्पष्ट किया जा चुका है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नूरखान एयरबेस उन प्रमुख ठिकानों में शामिल था, जहां निर्णायक कार्रवाई की गई। भारत का कहना है कि यह जवाबी हमला पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमावर्ती इलाकों पर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद किया गया था।
इसके साथ ही भारत ने यह भी बताया कि उसने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन जैश और लश्कर-ए-तैयबा के ठिकानों को निशाना बनाया। जानकारी के लिए बता दें कि TRF ने ही पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी। भारत के अनुसार, इस सैन्य अभियान का उद्देश्य आतंकवाद को पनाह देने वाले ढांचों को खत्म करना था।
पाकिस्तानी एयरबेस जो हुए थे तबाह :
भारत की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, नूरखान के अलावा-
रफीकी
मुरिद
रहीम यार खान
सुक्कुर
चुनियन
स्कर्दू
भोलारी
जैकोबाबाद
सरगोधा जैसे अहम पाकिस्तानी सैन्य और एयरबेस ठिकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।