#OperationSindoor : 'इस बार ओपनिंग हमारी नेवी करेगी...' ; पाकिस्तान को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की चेतावनी

    30-मई-2025
Total Views |
 
INS Vikrant Rajnath SIngh Message to pakistan
 
#OperationSindoor : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज 30 मई 2025, गोवा तट से INS विक्रांत के दौरे के दौरान भारतीय नौसेना की ताकत और आतंकवाद के खिलाफ भारत की कठोर नीति को लेकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। रक्षामंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि - “ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, यह सिर्फ एक विराम है। अगर पाकिस्तान ने कोई भी दुष्टता दिखाई, तो उसे भारतीय नौसेना की शक्ति का सामना करना पड़ेगा।”
 
 
भारतीय नौसेना के स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर तैनात अधिकारियों और नौसैनिकों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ सीधी और निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है कि अब भारत आतंकवाद के खिलाफ हर मोर्चे पर निर्णायक रूप से खड़ा है।
 
 
ऑपरेशन सिंदूर - भारतीय नौसेना की "Silent Strike"
 
 
राजनाथ सिंह ने बताया कि जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमला किया, उस समय भारतीय नौसेना की Carrier Battle Group पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में तैनात थी। यह रणनीतिक मौजूदगी इतनी प्रभावशाली थी कि पाकिस्तानी नौसेना अपने बंदरगाहों से बाहर आने की हिम्मत तक नहीं कर सकी। रक्षा मंत्री ने कहा, “अगर वो निकले होते, तो अंजाम भुगतना तय था।”
 
 
 
 
 
उन्होंने यह भी बताया कि आतंकी हमले के 96 घंटे के भीतर भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने पश्चिमी और पूर्वी तटों पर मिसाइलें और टॉरपीडो फायर कर अपनी युद्ध तैयारी और मारक क्षमता का प्रदर्शन किया। इससे दुश्मन की रणनीति ध्वस्त हो गई और उसे रक्षात्मक स्थिति में आना पड़ा।
 
 
"अगर पाकिस्तान ने आतंकी गतिविधियों को नहीं रोका, तो फिर परिणाम भुगतने को तैयार रहे" रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब भारत आतंकवाद के खिलाफ हर विकल्प खुले रखेगा — चाहे वह सीमा पार हो, समुद्र हो या आतंकवादियों के ठिकाने हों। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जमीन से खुलेआम भारत विरोधी गतिविधियां हो रही हैं और भारत अब दोनों ओर (सीमा और समुद्र) से आतंक के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वतंत्र है।
 
 
पाकिस्तान से बातचीत के लिए शर्त
 
 
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर स्पष्ट रुख दोहराया — “बातचीत केवल आतंकवाद और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) पर ही होगी।” उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान वास्तव में शांति चाहता है, तो उसे UN द्वारा घोषित आतंकवादी हाफिज सईद और मसूद अजहर को भारत को सौंपना होगा। उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत लाया गया है, और अब हाफिज सईद को भी उसके अपराधों की सजा मिलनी चाहिए।
 
 
भारतीय नौसेना - अब सिर्फ क्षेत्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति
 
 
रक्षा मंत्री ने भारतीय नौसेना को "रणनीतिक शक्ति" बताते हुए कहा कि यह सिर्फ हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की मौजूदगी को मजबूत नहीं कर रही, बल्कि दुनिया को यह संकेत भी दे रही है कि भारत अब केवल क्षेत्रीय शक्ति नहीं रहा, बल्कि वैश्विक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने INS विक्रांत की सराहना करते हुए कहा कि यह पोत भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है। भारतीय नौसेना की शक्ति, रणनीति और आत्मबल ने आज दुश्मन के मनोबल को चूर-चूर कर दिया है।
 
 
ऑपरेशन सिंदूर केवल एक जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की नई सुरक्षा नीति का परिचायक है। अब देश किसी भी आतंकी हमले का जवाब सीमित दायरे में नहीं, बल्कि व्यापक और निर्णायक रूप से देगा – चाहे वो सीमा हो, समुद्र हो या अंतर्राष्ट्रीय मंच। रक्षा मंत्री का संदेश स्पष्ट है — अब भारत चुप नहीं बैठेगा, अब भारत आतंक के गढ़ में घुसकर वार करेगा।