जम्मू-कश्मीर : रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बसों में टक्कर ; 36 श्रद्धालु घायल

    05-जुलाई-2025
Total Views |
 
amarnath yatra bus accident
 
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा सड़क हादसा टल गया। रामबन जिले के चंद्रकोट के पास तीन तीर्थयात्रा बसों की टक्कर हो गई, जिसमें 36 श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हो गए। राहत की बात ये रही कि कोई गंभीर चोट नहीं आई और घायलों को समय रहते इलाज मिल गया।
 
 
घटना शनिवार को उस वक्त हुई जब भगवती नगर, जम्मू से दक्षिण कश्मीर संभाग के पहलगाम बेस कैंप की ओर बढ़ रहे अमरनाथ यात्रा काफिले की तीन बसें जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर चंद्रकोट लंगर स्थल के पास आपस में टकरा गईं। प्रशासन के मुताबिक हादसे की वजह एक बस का ब्रेक फेल होना था, जिसके कारण वह अन्य दो बसों से टकरा गई।
 
 
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
 
 
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मौके पर मौजूद टीम की मदद से सभी घायलों को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रामबन (DH Ramban) में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बसों की जगह नई बसों की व्यवस्था कर तीर्थयात्रियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
 
 
डिप्टी कमिश्नर का बयान
 
 
रामबन के डिप्टी कमिश्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर घटना की पुष्टि करते हुए लिखा: "हलगाम काफिले के अंतिम वाहन ने नियंत्रण खो दिया और लंगर स्थल पर खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 36 यात्री मामूली रूप से घायल हुए। प्रशासन ने घायलों को समय पर उपचार प्रदान कर यात्रा पुनः सुचारु रूप से शुरू की।"
 
 
 
 
 
यात्रा जारी
 
 
यह हादसा ऐसे समय हुआ जब अमरनाथ यात्रा 2024 का चौथा जत्था भगवती नगर से पवित्र गुफा की ओर रवाना हो चुका था। इस जत्थे में कुल 6,979 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें:
  
5,196 पुरुष
 

1,427 महिलाएं

 
24 बच्चे

 
331 साधु-साध्वियां
 

और एक ट्रांसजेंडर यात्री शामिल हैं।
 
 
श्रद्धालुओं को दो रास्तों पहलगाम और बालटाल मार्ग से रवाना किया गया। पहलगाम रूट से 4,226 यात्री 161 वाहनों में और बालटाल रूट से 2,753 यात्री 151 वाहनों में बाबा बर्फानी के दर्शन हेतु रवाना हुए। अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त (रक्षाबंधन) को संपन्न होगी।