डोडा सड़क हादसा: बलिदान हुए 10 जवानों को अंतिम श्रद्धांजलि, 11 घायल जवानों का इलाज जारी

    23-जनवरी-2026
Total Views |
 
Doda accident
 
 
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह-चंबा मार्ग पर कल हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 वीर जवानों ने बलिदान दिया। आज शुक्रवार को इन बलिदानी जवानों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। यह श्रद्धांजलि समारोह टेक्निकल एयरपोर्ट पर आयोजित किया गया।
 
 
श्रद्धांजलि समारोह की अध्यक्षता व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पी. के. मिश्रा ने की। इस दौरान भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बलिदानी जवानों के पार्थिव शरीरों को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह नगरों की ओर रवाना किया गया।
 
 
हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए जवान 
 
 
इस हादसे में जिन 10 जवानों ने वीरगति प्राप्त की, उनके नाम इस प्रकार हैं-
 
 
मोनू (बुलंदशहर, हरियाणा)
 
 
जोबंजीत सिंह (रूपनगर, अंबाला)
 
 
मोहित (झज्जर, हरियाणा)
 
 
शैलेन्द्र सिंह भदौरिया (मोहर, ग्वालियर)
  
 
समिरन सिंह (झारग्राम, कलैकॉन्डा)
 
 
प्रदुम्न लोहार (पुरुलिया, रांची)
 
 
सुधीर नारवाल (यमुनानगर, अंबाला)
 
 
हरे राम कुमार (भोजपुर, बिहटा)
 
 
अजय लकरा (रांची)
 
 
रिनखिल बलीयन (हापुड़, हरियाणा)
 
 
 
Doda accident
 
 
कैसे हुआ हादसा?
 
 
कल गुरुवार को डोडा जिले के खन्नी टॉप के पास भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर सेना की एक गाड़ी करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में 21 जवान सवार थे, जो डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि “सड़क पर जमी बर्फ के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे यह हादसा हुआ।”
 
 
इस दुर्घटना में 10 जवानों ने वीरगति प्राप्त की, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
 
 
बेहद जोखिम भरा है भद्रवाह-चंबा मार्ग
 
 
भद्रवाह-चंबा रोड जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश को जोड़ता है। यह इलाका ऊंचे पहाड़ों,  गहरी खाइयों, घने जंगलों, संकरी सड़कों और तीखे हेयरपिन मोड़ों से घिरा हुआ है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, खन्नी टॉप की समुद्र तल से ऊंचाई लगभग 9,000 फीट है। यहां मौसम तेजी से बदलता है। ठंड, कोहरा और बर्फबारी के बाद यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है।
 
 
 
 
 
एक साल में सशस्त्र बलों से जुड़े 4 बड़े हादसे
 
 
केंद्र सरकार आमतौर पर सशस्त्र बलों से जुड़ी दुर्घटनाओं का विस्तृत डेटा सार्वजनिक नहीं करती, लेकिन पिछले एक वर्ष में ऐसे कई बड़े हादसे सामने आए हैं-
 
 
जनवरी 2025: बांदीपोरा (जम्मू-कश्मीर) में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 4 जवानों ने वीरगति प्राप्त की
 
  
मार्च 2025: मणिपुर के सेनापति जिले में BSF जवानों की गाड़ी खाई में गिरी, 3 जवानों ने वीरगति प्राप्त की, 13 घायल
 
 
मई 2025: रामबन (जम्मू-कश्मीर) के बैटरी चश्मा इलाके में वाहन 600 मीटर गहरी खाई में गिरा, 3 जवानों का बलिदान
 
 
अगस्त 2025: उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में CRPF की बंकर गाड़ी हादसे का शिकार, 3 जवानों ने वीरगति प्राप्त की, 15 घायल
 
 
PM मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
  
 
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश ने अपने बहादुर जवानों को खोया है और बलिदानी जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।