ट्रंप का अहंकार या रणनीतिक टकराव ? ट्रेड डील न होने की वजह का खुलासा
09-जनवरी-2026
Total Views |
US-India Trade Deal : अमेरिका और भारत के बीच संभावित ट्रेड डील के अटकने को लेकर अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक का बयान कई अहम सवाल खड़े करता है। ‘ऑल-इन पॉडकास्ट’ में बातचीत के दौरान लुटनिक ने दावा किया कि यह डील इसलिए आगे नहीं बढ़ सकी क्योंकि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन नहीं किया। उनके अनुसार, ट्रंप ऐसे नेता हैं जो खुद सौदे को अंतिम रूप देते हैं और जब तक सामने वाला नेता सीधे उनसे संवाद नहीं करता, तब तक डील पूरी नहीं होती।
लुटनिक का यह बयान सिर्फ एक व्यापारिक प्रक्रिया की कहानी नहीं कहता, बल्कि यह डोनाल्ड ट्रंप की उस राजनीति को भी उजागर करता है, जिसमें कूटनीति से ज़्यादा व्यक्तिगत अहंकार निर्णायक भूमिका निभाता है।
ट्रंप के दावों की खुली पोल
बीते कुछ महीनों से ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें फोन कर रहे हैं, ट्रेड डील पर बात करना चाहते हैं और भारत अमेरिका के साथ समझौते के लिए उत्सुक है। लेकिन अब ट्रंप के ही सबसे करीबी माने जाने वाले वाणिज्य मंत्री का यह कहना कि मोदी ने कोई फोन कॉल नहीं किया, उन तमाम दावों की सच्चाई सामने रख देता है।
अगर सिर्फ फोन कॉल न होने के कारण एक संभावित ट्रेड डील को रोका गया, तो यह साफ संकेत है कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ के पीछे कोई ठोस व्यापारिक असहमति नहीं, बल्कि राष्ट्रपति ट्रंप का व्यक्तिगत ईगो था।
BIG BREAKING: India trade deal isn't done because PM Modi did not call Trump, claims US Commerce Secretary Lutnick
"I set the deal up. But you had to have Modi call President Trump. They (India) were uncomfortable with it. So Modi didn't call." pic.twitter.com/gFiUGGaJRl
लुटनिक ने उदाहरण देते हुए बताया कि जब ब्रिटेन के साथ डील की डेडलाइन आई, तो प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने खुद ट्रंप को फोन किया और उसी दिन डील फाइनल हो गई। अगले ही दिन उसे सार्वजनिक कर दिया गया। यही अंतर भारत और अन्य देशों के दृष्टिकोण को दर्शाता है। भारत ने किसी दबाव में, किसी व्यक्तिगत संतुष्टि के लिए या किसी नेता के अहंकार को सहलाने के लिए फोन करना उचित नहीं समझा। भारत ने यह स्पष्ट कर दिया कि राष्ट्रीय हित, व्यक्तिगत संवाद से ऊपर हैं।
लुटनिक का दावा है कि भारत ने लगभग तीन सप्ताह बाद दोबारा बातचीत की इच्छा जताई, लेकिन तब तक अमेरिका इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम जैसे देशों के साथ शर्तें तय कर चुका था। उनके शब्दों में, “ट्रेन स्टेशन से निकल चुकी थी।”
टैरिफ से दबाव, लेकिन झुकाव नहीं
असल में यह बयान अमेरिका की जल्दबाज़ी और दबाव बनाने की नीति को दर्शाता है। भारत ने जब महसूस किया कि शर्तें असंतुलित हैं और अन्य देशों के लिए तय मानकों को भारत पर थोपने की कोशिश की जा रही है, तो उसने स्पष्ट रूप से अपने रुख पर पुनर्विचार किया जो किसी भी संप्रभु राष्ट्र का अधिकार है।
फिलहाल भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर लगभग 50 प्रतिशत तक टैरिफ लागू है। निस्संदेह, अगर ट्रेड डील हो जाती तो भारतीय निर्यातकों को राहत मिलती। लेकिन भारत ने अल्पकालिक लाभ के बजाय दीर्घकालिक राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दी।
यह फैसला अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक स्पष्ट संदेश है। पहला, भारत अब दबाव में सौदे नहीं करता। दूसरा, भारत झुककर नहीं, बराबरी से बात करता है। और तीसरा, भारत राष्ट्रहित से जुड़े फैसलों में स्वयं तय करता है कि कब, कैसे और किस शर्त पर आगे बढ़ना है।
अफवाहें फैलती रहीं, भारत अडिग रहा
चाहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर फैलाई गई अफवाहें हों या ट्रेड डील को लेकर ट्रंप के बयान—भारत ने न प्रतिक्रिया की जल्दबाज़ी दिखाई, न किसी राजनीतिक शोर में उलझा। भारत ने वही किया जो एक आत्मविश्वासी और उभरती वैश्विक शक्ति करती है संयम, स्पष्टता और दृढ़ता के साथ निर्णय। ट्रेड डील का न होना किसी असफलता का संकेत नहीं, बल्कि यह उस बदलते भारत की तस्वीर है जो अब किसी के फोन कॉल, दबाव या अहंकार पर नहीं, बल्कि अपने हित और सम्मान के आधार पर फैसले करता है।