35 हजार फीट की ऊंचाई पर भारतीय पायलट ने कैसे बचाई 174 यहूदियों की जान ?

    02-अक्तूबर-2026
Total Views |
 
indian Pilot Sm it Machhar
  
'दुबई से तेल अवीव जा रहा बोइंग 737 मैक्स 8 विमान क्रैश, करीब 174 यात्रियों की मौत....'
 
ये लाइन दुनियाभर के समाचार पत्रों की हेडलाइन हो सकती थी. लेकिन समय रहते हादसे को टाल दिया गया.
 
दरअसल जॉर्डन और सऊदी अरब की सीमा के पास हवा में 34 हजार फीट की ऊंचाई पर 9/11 जैसी वारदात दोहराने की कोशिश की गई. एक विमान जो दुबई से तेल अवीव जा रहा था, उसके को-पायलट ने अपने मुख्य पायलट पर चाकू से हमला कर दिया.
 
ओमान का रहने वाला ये हमलावर पायलट जिहादी मानसिकता का बताया जा रहा है, और फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश करवाना चाहता था.
 
अचानक हुए इस हमले में मुख्य पायलट घायल हो गया. लेकिन चाकू लगने के बावजूद उसने हिम्मत दिखाई और विमान का कंट्रोल हमलावर के हाथ में नहीं जाने दिया.
 
दोनों पायलट्स के बीच इस खूनी संघर्ष के दौरान विमान महज एक मिनट में 17 हजार फीट नीचे आ गया. एक ऐसी खतरनाक गिरावट, जो सामान्य उड़ान में कभी नहीं देखी जाती. जिस समय ये सब हो रहा था, विमान में 30 से ज्यादा बच्चों समेत करीब 174 यात्री मौजूद थे. लगभग सभी इजराइल के रहने वाले थे.
 
यात्रियों ने कॉकपिट में खून-खराबा होते देखा. कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए दरवाजा तोड़ा, अंदर घुसे और हमलावर को काबू में कर लिया.
 
  
इस तरह आम यात्रियों की सूझबूझ ने एक बड़ी तबाही को रोक दिया.
 
गनीमत रही कि विमान के यात्रियों में ऑफ ड्यूटी पायलट भी थे. उनमें से एक ने बिना एक भी पल गंवाए तेजी से नीचे गिरते विमान को संभाला और सिस्टम को फिर से नियंत्रण में ले लिया. नतीजा ये हुआ कि विमान पूरी तरह बेकाबू होने से बच गया.
 
इसी दौरान विमान ने अचानक एक स्क्वॉक कोड प्रसारित किया. जो हाईजैकिंग का संकेत होता है. इस संकेत के मिलते ही इजरायल में हड़कंप मच गया. इजराइली एयरफोर्स के लड़ाकू विमान हवा में उतार दिए गए और फ्लाइट को सऊदी अरब की तरफ मोड़ दिया गया.
 
इस पूरे खूनी ड्रामे के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया. सभी यात्री सुरक्षित रहे, बाद में उन्हें दूसरी फ्लाइट से इजराइल भेज दिया गया.
 
घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छार गुजरात के रहने वाले हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि हमलावर को-पायलट को सऊदी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
  
बताया जा रहा है कि आरोपी के पास दोहरी नागरिकता थी, जिसके चलते ओमान के साथ इजराइल के कूटनीतिक संबंध न होने के बाद भी वह इस फ्लाइट पर उड़ान भरने में सफल रहा.
 
इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस घटना पर बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा है कि ये जानबूझकर प्लेन क्रैश कराने की कोशिश थी. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं. इस तरह यात्रियों की सूझबूझ और एक घायल पायलट की हिम्मत ने 34 हजार फीट की ऊंचाई पर 9/11 जैसे एक और आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया. टीम जम्मू कश्मीर नाऊ