जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। अब शोपियां में पुलिस ने आतंकी फंडिंग के एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जो आम लोगों से जुटाए गए पैसों को आतंकियों तक पहुंचाने में मदद कर रहा था।
इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े 10 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार जम्मू-कश्मीर की अलग-अलग जेलों में बंद आतंकियों और उनके मददगारों से भी जुड़े थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों से गुप्त तरीके से पैसे जुटाते थे और फिर अलग-अलग वित्तीय माध्यमों के जरिए यह रकम आतंकियों तक पहुंचाई जाती थी। इस पैसे का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को जारी रखने और आतंकियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने में किया जा रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शोपियां के सैदपोरा बाला निवासी ओवैस शफी नाइकू, रावलपोरा के तजामुल अहमद शाह, चित्रगाम कलां के मोज इरबाल और इमदाद यूसुफ गनई के रूप में की है।
इसके अलावा पुलवामा के मुर्रन निवासी साकिब जहूर वानी और लियाकत नजीर लोन, अरमोह के आमिर अहमद गनई, शोपियां के ट्रेंज स्थित नादिगुंड के फिरदौस ठोकर तथा कठुआ के चेक हरिया निवासी मोहम्मद हनीफ और काजू को भी गिरफ्तार किया गया है।
ऑनलाइन लेनदेन से खुला फंडिंग का राज
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क का खुलासा संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन की जांच के दौरान हुआ। अलग-अलग पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए कई लेनदेन पुलिस के रडार पर आए। इनकी पड़ताल में आतंकी फंडिंग से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई। इसके बाद शोपियां पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी आतंकियों तक पैसे पहुंचाने के साथ उन्हें स्मार्टफोन और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने और पैसों के पूरे लेनदेन का पता लगाने में जुटी है। मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में पिछले 68 दिनों के दौरान 28 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शोपियां में हुई यह कार्रवाई आतंकियों को पर्दे के पीछे से मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ती कार्रवाई को दिखाती है।