उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सेना या पुलिस के जवान को निशाना बनाने की साजिश का यूपी ATS ने पर्दाफाश किया है। ATS ने पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने इन्हें किसी सेना या पुलिसकर्मी की हत्या कर उसका वीडियो बनाने और पाकिस्तान भेजने का टास्क दिया था।
ATS ने आरोपियों के कब्जे से एक विदेशी पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इनके मोबाइल फोन से संदिग्ध चैट, वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी से जुड़ी जानकारियां मिली हैं।
चारों संदिग्ध की पहचान
ATS के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीन वयस्कों की पहचान गगनदीप सिंह (26), रजत कुमार (19) और क्रिश (21) के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के रहने वाले हैं। इनके साथ पंजाब के एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, ये सभी पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे राणा भाई नाम के हैंडलर के संपर्क में थे। आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए उससे बातचीत करते थे।
ATS के अनुसार, चारों 27 अक्टूबर को अमृतसर से निकले और दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात लखनऊ पहुंचे। हैंडलर ने उनके यात्रा खर्च के लिए 2,585 रुपये भेजे थे। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर भी उसे भेजा।
हत्या के बदले तीन लाख रुपये का लालच
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को लखनऊ में किसी सेना या पुलिसकर्मी की हत्या करने और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजने का निर्देश दिया गया था। इसके बदले उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
ATS का दावा है कि हैंडलर ने आरोपियों को बताया था कि हथियार पाकिस्तान से भेजे गए हैं और लखनऊ में एक स्थानीय सहयोगी उन्हें उपलब्ध कराएगा। इसी स्थानीय संपर्क से आरोपियों को पिस्टल और कारतूस मिले थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हें नेपाल भागने का निर्देश भी दिया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन से संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी के वीडियो और लोकेशन भी मिली हैं।
इस मामले में ATS थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और UAPA की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी अब स्थानीय मददगार, हथियारों की आपूर्ति और फंडिंग से जुड़े दूसरे संपर्कों की तलाश कर रही है।
पिछले कुछ माह में सामने आए मामले
लखनऊ की ताजा गिरफ्तारी से पहले भी उत्तर प्रदेश में शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। जांच एजेंसियां सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने, संवेदनशील स्थानों की रेकी कराने और स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार करने के आरोपों की जांच कर रही हैं।
- 3-4 अक्टूबर 2026: शहजाद भट्टी नेटवर्क के स्थानीय संपर्कों की तलाश में यूपी ATS ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर नेपाल सीमा से सटे इलाकों में करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की।
- अगस्त 2026: यूपी ATS ने पिछले चार महीनों में नेटवर्क से जुड़ी आतंकी गतिविधियों के मामलों में 52 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के बाद 150 से अधिक संदिग्धों की गतिविधियों और संपर्कों की जांच शुरू की गई थी।
- 12 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाया। गृह मंत्रालय की ओर से 17 अगस्त को जारी जानकारी के अनुसार, 14 राज्यों में कुल 253 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।
- इनमें उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51, पंजाब से 44 और राजस्थान से 15 लोग शामिल थे। इस अभियान के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्टल, कारतूस और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए।
- 7 मई 2026 को यूपी ATS ने बाराबंकी के दानियाल अशरफ (23) और कुशीनगर के कृष्णा मिश्रा (20) को गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, दोनों पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उत्तर प्रदेश, दिल्ली तथा महाराष्ट्र में संभावित ठिकानों की रेकी कर चुके थे।
- 27 मई 2026: यूपी ATS और STF ने सहारनपुर में पाकिस्तान से जुड़े एक स्लीपर सेल के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिसमें 4 संदिग्ध गिरफ्तार किये गए।
बहरहाल, लखनऊ में चार संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अब ATS की जांच का केंद्र स्थानीय मददगारों, हथियारों की आपूर्ति, आर्थिक लेनदेन और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक पहुंचना है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।