नई दिल्ली : तस्वीरों में दिख रहे ये तीन दहशतगर्द फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं. ये हैं—जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन.
किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में सक्रिय बताए जा रहे इन आतंकियों का नाम एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह है किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स यानी SPOs की हत्या. जम्मू कश्मीर पुलिस ने इनके पोस्टर जारी कर सूचना देने वाले को 30 लाख रूपये के इनाम की घोषणा की है.
लेकिन चुनौती केवल किश्तवाड़ तक सीमित नहीं है. कुलगाम से लेकर जम्मू के पहाड़ी इलाकों तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF के नाके पर आतंकियों ने हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे. इसके ठीक अगले दिन यानी 12 नवंबर को किश्तवाड़ में लापता हुए दो SPOs के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए.
इन दोनों आतंकी वारदातों के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई और आतंकियों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिए गए. एक तरफ शहरों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई, तो दूसरी तरफ जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किए गए.
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त नाके लगाए गए. वाहनों की चेकिंग और लोगों की तलाशी बढ़ाई गई. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई. बख्तरबंद वाहनों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है. पूछताछ के लिए 200 से ज्यादा OGW यानी ओवर ग्राउंड वर्कर्स को भी उठा लिया गया है.
बाजारों, हाईवे और संवेदनशील इलाकों में SOG की सक्रियता बढ़ाई गई. नेशनल हाईवे-44 पर भी सुरक्षा और निगरानी सख्त की गई है.
11 से 13 नवंबर के बीच यानी 72 घंटों में जम्मू कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने क्या-क्या कदम उठाए? इसे समझने के लिए एक नजर डालते हैं इस घटनाक्रम की क्रोनोलॉजी पर....
11 नवंबर
कुलगाम में CRPF नाके पर हमला, तीन जवान घायल. सर्च ऑपरेशन शुरू
किश्तवाड़ में दो SPO लापता, संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया
11 नवंबर की रात
LG मनोज सिन्हा की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा
12 नवंबर
दोनों SPO के शव बरामद, दच्छन-मरवाह में सर्च ऑपरेशन तेज
DGP नलिन प्रभात का किश्तवाड़ दौरा, सुरक्षा समीक्षा की
कुलगाम आतंकी हमले में NIA की एंट्री, टीम जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची
12-13 नवंबर
घाटी में सुरक्षा बढ़ाई गई, चेकिंग और तलाशी अभियान तेज
13 नवंबर
DG CRPF जी.पी. सिंह का कुलगाम दौरा और सुरक्षा समीक्षा की
किश्तवाड़ के तीन आतंकियों के पोस्टर लगाए, जानकारी देने पर 30 लाख के इनाम की घोषणा
अब, एक तरफ कुलगाम में CRPF पर हमला करने वाले आतंकियों की तलाश जारी है. दूसरी तरफ किश्तवाड़ में दो SPOs की हत्या के बाद पहाड़ी और जंगलों वाले इलाकों में आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है.
सेना, पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और सरकार, सभी एक साथ इस चुनौती से निपटने में जुटे हैं. मकसद सिर्फ हमलावरों को उनके अंजाम तक पहुंचाना नहीं, बल्कि आतंकियों के पूरे नेटवर्क, उनके स्थानीय मददगारों और सीमा पार बैठे उनके आकाओं को बेहद कड़ा सबक सिखाना है. संदेश साफ है—जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने की कोशिश करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. जम्मू कश्मीर नाऊ, दिल्ली.