कुलगाम के 'गुनहगार' का हिसाब! 5 दिन बाद एनकाउंटर में ढेर लश्कर का आखिरी स्थानीय कमांडर लतीफ भट

    16-नवंबर-2026
Total Views |


Kulgam Encounter: 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF की नाका पार्टी पर हुए हमले के पांच दिन बाद सुरक्षाबलों ने लश्कर के स्थानीय कमांडर लतीफ भट को एक एनकाउंटर में मार गिराया.

लतीफ को कश्मीर में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर बताया जाता था.

दरअसल, 11 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर कुलगाम के अखरन इलाके में मीर बाजार के पास CRPF की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर बाइक सवार आतंकियों ने हमला किया था. आतंकियों ने करीब 50 मीटर की दूरी से AK-47 राइफलों से जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. महज 15 सेकंड में करीब 30 गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें CRPF के तीन जवान घायल हुए थे.

लतीफ भट को इस हमले का प्राइम सस्पेक्ट माना जा रहा था. जम्मू कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था. हमले के बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे. आखिरकार पांच दिन बाद यह तलाश कुलगाम में हुए एनकाउंटर के साथ पूरी हुई और लतीफ भट को ढेर कर दिया गया. इसी के साथ पूरा हुआ कुलगाम आतंकी हमले का बदला.

कौन था लतीफ भट... एक नजर डालते हैं, आतंकी बनने से लेकर एनकाउंटर में ढेर होने तक की पूरी टाइमलाइन पर...

नाम: मोहम्मद लतीफ भट
उम्र: 22 साल
गांव: ख्रेवान चाडर, कुलगाम
संगठन: लश्कर-ए-तैयबा
संबद्ध संगठन: द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA)

लतीफ कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर शीशे लगाने का काम करने लगा था. कुछ वक्त बाद उसने यह काम भी छोड़ दिया और नवंबर 2025 में अचानक घर से लापता हो गया. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इसी दौरान वह जाकिर अहमद गनई के संपर्क में आया. गनई वही लश्कर कमांडर था, जिसने लतीफ भट को आतंकी नेटवर्क में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई थी. जुलाई 2026 में शोपियां एनकाउंटर में गनई मारा गया, जबकि लतीफ बचकर निकलने में कामयाब रहा था.

लतीफ भट का नाम दक्षिण कश्मीर में कई बड़ी आतंकी वारदातों में सामने आया. इनमें से कुछ प्रमुख घटनाएं हैं...

22 जुलाई 2026: अनंतनाग में पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की हत्या
31 जुलाई 2026: कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या

लेकिन 11 नवंबर के हमले के बाद सुरक्षाबलों ने लतीफ की तलाश तेज कर दी. सैकड़ों ओवरग्राउंड वर्कर्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसकी तस्वीरों वाले पोस्टर जारी किए गए. सूचना देने वाले के लिए इनाम का ऐलान किया गया. आखिरकार 16 नवंबर को कुलगाम में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया. इस ऑपरेशन में एक और आतंकी भी मारा गया है.

लतीफ भट का अंत आतंक के खिलाफ जारी अभियान की एक बड़ी कामयाबी है. पहले पढ़ाई बीच में ही छोड़ी... शीशे लगाने का काम किया... फिर आतंक की राह पकड़ी... और फिर महज 22 साल की उम्र में मुठभेड़ में ढेर. संदेश साफ है... आतंक का रास्ता चुनने वाले भाग तो सकते हैं, बच नहीं सकते.

जम्मू कश्मीर नाउ, दिल्ली