पहले रेकी, फिर CRPF पर हमला... लश्कर कमांडर लतीफ भट और उमर डार का कुलगाम हमले से पहले का CCTV फुटेज आया सामने

    17-नवंबर-2026
Total Views |
CRPF पर हमले से एक दिन पहले कुलगाम में रेकी करते दिखे लतीफ भट और उमर डार, CCTV फुटेज आया सामने..

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF के जवानों पर हमले में शामिल आतंकियों की तस्वीरें और CCTV वीडियो सामने आए हैं। इनमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ भट और उसका साथी आतंकी उमर निसार डार इलाके में घूमते और सुरक्षा बलों के ठिकानों की रेकी करते नजर आ रहे हैं।

दोनों ने पहले इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर 11 नवंबर को CRPF के नाके पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। हालांकि, अब सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार को मार गिराया है, जबकि लश्कर कमांडर लतीफ भट की तलाश जारी है।







जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से साझा किए गए CCTV फुटेज में दोनों आतंकी कुलगाम के मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को इन इलाकों की रेकी की थी। इसके अगले ही दिन उन्होंने CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया।

11 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर कुलगाम के अखरान इलाके में मीर बाजार के पास CRPF की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर बाइक सवार आतंकियों ने हमला कर दिया था। आतंकियों ने करीब 50 मीटर की दूरी से AK-47 राइफलों से जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की। महज 15 सेकेंड में करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं।




इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। उनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी थी। फायरिंग के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

300 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ

वारदात के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी। इस दौरान पांच दिनों के भीतर 300 से अधिक संदिग्धों और OGW को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनसे मिली जानकारी और CCTV फुटेज में दर्ज आतंकियों की गतिविधियों के आधार पर सुरक्षाबलों ने अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।





इसी दौरान सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों का सामना आतंकी उमर निसार डार और लतीफ भट से हुआ। दोनों ओर से गोलीबारी के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें उमर निसार डार मारा गया। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और हथियार भी बरामद किया गया। वहीं, लश्कर कमांडर लतीफ भट अभी सुरक्षाबलों की पकड़ से बाहर है।

उसकी तलाश में कुलगाम के अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आसपास के इलाकों में कुछ और आतंकी भी छिपे हो सकते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उमर पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को पनाह देने और दूसरी तरह की मदद पहुंचाने का काम कर रहा था।

फिलहाल सुरक्षाबलों का मुख्य निशाना लतीफ भट है। उम्मीद है कि जवान जल्द ही उसे भी घेरने में कामयाब होंगे। जम्मू कश्मीर नाउ, दिल्ली