ब्रेड बनाने वाले ने थामी बंदूक, सुरक्षाबलों ने किया ढेर! कौन था लतीफ भट का मददगार 19 साल का उमर डार?

    17-नवंबर-2026
Total Views |
उमर पिछले 6 महीनों से लतीफ भट के संपर्क में था. वो उसे पनाह देने के साथ-साथ दूसरी लॉजिस्टिक मदद भी मुहैया करा रहा था.

जो हाथ कभी ब्रेड बनाया करते थे... उन्हीं हाथों ने बंदूक उठा ली. और फिर अंजाम भी वही हुआ, जो आतंक की राह पर चलने वालों का होता है.

19 साल का उमर निसार डार... 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया. उमर की पहचान 11 नवंबर को CRPF पर हुए हमले में शामिल आतंकी के तौर पर हुई थी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे.

लेकिन ये सिर्फ एक एनकाउंटर की कहानी नहीं... बल्कि एक ऐसे नौजवान की कहानी है, जिसने ब्रेड बनाने का काम छोड़कर आतंक का रास्ता चुना, और आखिरकार आतंक की इस राह ने उसे मौत के मुहाने तक पहुंचा दिया.

कुलगाम के अर्रेह गांव का रहने वाला उमर पहले ब्रेड बनाने का काम करता था. फिर अचानक लापता हो गया. उसके परिजनों ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी.

जांच में सामने आया कि उमर पिछले करीब छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट के संपर्क में था. वो उसे पनाह देने के साथ-साथ दूसरी लॉजिस्टिक मदद भी मुहैया करा रहा था.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, 11 नवंबर को CRPF पर हमले के तुरंत बाद वो लश्कर के प्रॉक्सी आतंकी संगठन TRF यानी द रेजिस्टेंस फ्रंट में शामिल हो गया था. लेकिन उमर की भूमिका सिर्फ मददगार तक सीमित नहीं थी... वो लतीफ भट के साथ मिलकर हमले की तैयारी में भी जुटा था.





अब समझिए इस पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन...

10 नवंबर 2026... उमर निसार डार और लतीफ भट कुलगाम के मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम इलाके की रेकी करते हैं.

11 नवंबर 2026... अखरानन में CRPF की टीम पर हमला करते हैं. जिसमें तीन जवान घायल होते हैं.

इसके बाद शुरु होता है सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन. 16 नवंबर 2026... कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबल दोनों आतंकियों को घेर लेते  हैं, मुठभेड़ शुरू होती है जिसमें उमर निसार डार मारा जाता है.

अब उमर मारा जा चुका है... लतीफ भट अब सुरक्षा बलों के निशाने पर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे भी गोली लगी है. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने की साजिशें कभी कामयाब नहीं हो पाएंगी.





पाकिस्तान के इशारे पर घाटी की शांति और सुरक्षा को चुनौती देने वालों, आतंक का रास्ता चुनने वालों का अंजाम क्या होता है, उमर निसार डार का एनकाउंटर इसकी एक और मिसाल है. जम्मू कश्मीर नाऊ.