पाकिस्तान में प्रांतों के बंटवारे पर सियासी संग्राम, बिलावल ने दी खून बहने की चेतावनी।
‘कराची की सड़कों पर कचरा नहीं, खून बहेगा...’
ये चेतावनी है ‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी की आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को। दरअसल, पाकिस्तान को अपने इशारों पर चलाने का सपना पाले शहबाज और आसिम मुनीर के सामने अब विरोध के सुर गूंजने लगे हैं।
सिंध को बांटकर नए प्रांत बनाने का सपना देख रहे मुनीर को ‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने खुली चुनौती दी है। बिलावल ने साफ शब्दों में कहा कि सिंध को जबरन बांटने की कोशिश हुई तो कराची की सड़कों पर कचरा नहीं, खून बहेगा।
17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बिलावल ने जिस अंदाज में शहबाज सरकार और सैन्य शासन पर सवाल उठाए, उससे पाकिस्तान की अंदरूनी सियासत की दरारें खुलकर सामने आ गईं। उनका साफ कहना था कि राजनीतिक सहमति के बिना सिंध का प्रशासनिक बंटवारा थोपा गया तो भाई-भाई के खिलाफ खड़ा हो जाएगा।
शहबाज की सरकार या मुनीर का नियंत्रण?
बिलावल ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भी सीधे कठघरे में खड़ा किया। गृह मंत्री मोहसिन नकवी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री का अपने मंत्रिमंडल पर कोई नियंत्रण बचा है? उन्होंने यहाँ तक सवाल किया कि सरकार पर आखिरकार नियंत्रण किसका है, चुनी हुई सरकार या सेना का..?
अब जिस सरकार को बिलावल की पार्टी का समर्थन हासिल है, उसी के खिलाफ उनका इस तरह खड़ा होना शहबाज सरकार की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
इमरान खान पर भी सरकार को घेरा
बिलावल यहीं नहीं रूके उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए राजनीतिक बदले की कार्रवाई बंद करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक कैदी को जेल में नहीं रखा जाना चाहिए।
बहरहाल, आज पाकिस्तान में हालात ऐसे हो चुके हैं कि एक तरफ आतंकी गुटों के बीच टकराव जारी है, तो दूसरी तरफ प्रांतों के बंटवारे और सरकार के फैसलों में सेना की दखलअंदाजी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच भी खींचतान तेज हो गई है।
सत्ता की लड़ाई, क्षेत्रीय असंतोष और अंदरूनी टकराव ने पाकिस्तान की एकता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। मौजूदा हालात यही संकेत दे रहे हैं कि अगर यह अंतर्कलह इसी तरह बढ़ती रही तो जल्द ही पाकिस्तान कई हिस्सों में विभाजित हो जाएगा।
सिंध पाकिस्तान का महत्वपूर्ण प्रांत है और कराची उसकी आर्थिक रीढ़। ऐसे में सिंध के विभाजन की चर्चा महज प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि क्षेत्रीय पहचान और राजनीतिक अस्तित्व से जुड़ा सवाल है।
बिलावल की खुली चेतावनी ने शहबाज सरकार और मुनीर के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
अब देखना होगा कि शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर सिंध के बंटवारे की चर्चाओं को आगे बढ़ा पाते हैं या फिर पाकिस्तान की यही अंदरूनी कलह उनके मंसूबों पर पानी फेर देगी?