लतीफ भट मारा गया, लेकिन कई सवाल जिंदा हैं!

    18-नवंबर-2026
Total Views |

Some dishes are best served cold, even in cold weather. -GP SINGH, DG CRPF

आतंक के रास्ते का मुसाफिर आखिरकार एक ही मंजिल तक पहुंचता है... सुरक्षाबलों के निशाने तक, और उसका अंजाम होता है मौत.

लतीफ भट के हिस्से भी यही आना था... और आया भी.

18 नवंबर की सुबह कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया. ये रही उसकी आखिरी तस्वीर...

ये केवल एक आतंकी की आखिरी तस्वीर नहीं है, बल्कि उस रास्ते की असली मंजिल है, जिसे जन्नत का रास्ता बताकर उसे आतंक की दुनिया में धकेला गया था.

लतीफ भी इस कथित जन्नत की हकीकत नहीं देख पाया. हालांकि, सुरक्षाबलों ने आखिरी वक्त तक उसकी जान बचाने और आत्मसमर्पण करवाने की अपील की.

लेकिन उसका जवाब उस सोच को बेनकाब करता है, जिसकी घुट्टी पिलाकर सरहद पार बैठे आतंकी आका युवाओं का ब्रेनवॉश करते हैं और उन्हें कट्टरपंथ की आग में झोंक देते हैं.

जब लतीफ से कहा गया कि अभी भी वक्त है, आतंक का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर दो, तब मस्जिद में छिपे लतीफ का जवाब था... मुझे अल्लाह से मिलना है.
 

एक तरफ जिंदगी बचाने की कोशिश... दूसरी तरफ मौत को गले लगाने की जिद.

एक तरफ भारतीय सुरक्षा बल, जो एक आतंकी को भी आत्मसमर्पण का मौका दे रहे थे... दूसरी तरफ आतंक की वो विचारधारा, जो लतीफ जैसे नौजवानों के दिमाग में मौत को जिंदगी से भी बड़ा बना देती है.

लतीफ के इस जवाब में सिर्फ एक आतंकी की जिद नहीं, बल्कि उस कट्टरपंथी सोच की झलक मिलती है, जो इंसान को जिंदगी की कीमत भुला देती है.

जिस उम्र में एक नौजवान की आंखों में सुनहरे सपने होने चाहिए, उस उम्र में उसे बंदूक और हिंसा के रास्ते पर धकेल दिया जाता है.

और इस इस्लामिक आतंकवाद के पूरे खेल के केंद्र में है पाकिस्तान.

पाकिस्तान से संचालित लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन इसी सोच को खाद-पानी देते हैं. सीमा पार बैठे आतंकी आका स्थानीय युवाओं को अपने जाल में फंसाते हैं, उनका ब्रेनवॉश करते हैं और फिर उन्हें आतंक का मोहरा बना देते हैं.

लतीफ और उसका साथी 19 साल का उमर निसार डार भी इसी आतंकी नेटवर्क का हिस्सा थे. पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को दोनों ने कुलगाम के कई इलाकों में रेकी की और 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हुए.

और अब सामने है आतंक के उसी खेल की आखिरी तस्वीर... जिसमें लतीफ हीरो नहीं, बल्कि एक विलन है. आतंक का एक मोहरा है. उसे जन्नत के सपने दिखाए गए, लेकिन हासिल हुई सिर्फ मौत.

लतीफ खत्म हो गया, लेकिन पीछे कई सवाल छोड़ गया.

आखिर किसने इन युवाओं को यह समझा दिया कि आतंक के रास्ते पर चलना मजहबी फर्ज है? किसने उन्हें यह यकीन दिलाया कि बेगुनाहों की जान लेना और सुरक्षाबलों पर हमला करना जन्नत का रास्ता हो सकता है?

सवाल किसी धर्म का नहीं है... सवाल उस आतंकवादी सोच का है, जो धर्म के नाम पर नफरत और हिंसा को जायज ठहराती है.

लतीफ के बाद अब उस पूरी आतंकी मशीनरी का खात्मा जरूरी है, जो ऐसे युवाओं को तैयार करती है. ताकि पाकिस्तान के आतंकी आका फिर किसी नौजवान को जिहाद के नाम पर बरगलाकर लतीफ न बना सकें.

नौजवानों को समझना होगा कि पाकिस्तान के आतंकी आकाओं के लिए वे सिर्फ इस्तेमाल किए जाने वाले मोहरे हैं. उनकी मौत से न पाकिस्तान का कोई नुकसान होता है, न उसके आतंकी आकाओं का. नुकसान होता है उनके परिवारों का... उनके भविष्य का... और जम्मू-कश्मीर का, जिसे आतंक की आग से बाहर निकलकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है.

कुलगाम में मारे गए लतीफ भट की ये आखिरी तस्वीर चीख-चीखकर बता रही है...आतंक का रास्ता किसी जन्नत तक नहीं पहुंचाता... वो सिर्फ परिवारों को उजाड़ता है और नौजवानों को मौत के अंधे कुएं में धकेल देता है. जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली