
17 हजार फीट की ऊंचाई, चारों तरफ बर्फ से ढकी चोटियाँ और सामने हजारों चीनी सैनिकों की फौज...
न मदद पहुंचने की उम्मीद थी और न ही हथियारों के मामले में दुश्मन का मुकाबला करने की स्थिति। इसके बावजूद भारतीय जवानों ने पीछे हटने के बजाय आखिरी सांस तक मोर्चा संभाले रखा।
दुश्मन की गोलियों के बीच एक अधिकारी कभी इस पोस्ट पर तो कभी दूसरी पोस्ट पर पहुंचकर अपने जवानों का हौसला बढ़ा रहा था। यह अधिकारी थे मेजर शैतान सिंह, जिनकी वीरता ने रेजांग ला की पहाड़ियों को इतिहास में अमर कर दिया।
आज उनके बलिदान दिवस पर चलिए जानते हैं 1962 के रेजांग ला युद्ध की क्रोनोलॉजी...
जीवन परिचय
मेजर शैतान सिंह भाटी का जन्म 1 दिसंबर 1924 को राजस्थान के जोधपुर में हुआ था। उनके पिता लेफ्टिनेंट कर्नल हेम सिंह भाटी भी सेना में अधिकारी थे। सैन्य परिवार में पले-बढ़े शैतान सिंह के भीतर बचपन से ही अनुशासन और देशसेवा के संस्कार भरे थे। 1 अगस्त 1949 को उन्हें सेना में कमीशन मिला। आगे चलकर वे भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट का हिस्सा बने।
युद्ध की क्रोनोलॉजी
1947 में देश की आजादी के बाद से ही भारत और चीन के बीच सीमा विवाद लगातार गहराता जा रहा था। अपनी विस्तारवादी नीतियों को अंजाम देते हुए चीन ने तिब्बत पर अपना नियंत्रण स्थापित करने के लिए 7 अक्टूबर 1950 को सैन्य कार्रवाई शुरू की और 1951 तक उस पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया।
अब उसका अगला निशाना लद्दाख का क्षेत्र था। लिहाजा 20 अक्टूबर 1962 को चीन ने भारत पर हमला शुरू कर दिया। लद्दाख के चुशुल सेक्टर में भारतीय सेना के लिए स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। चुशुल की हवाई पट्टी और लेह की सुरक्षा के लिहाज से इस क्षेत्र को बचाना बेहद महत्वपूर्ण था। ऐसे में रेजांग ला की रक्षा 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी को सौंपी गई। इसकी कमान मेजर शैतान सिंह के हाथों में थी।
अपनी बटालियन के साथ मेजर शैतान सिंहरेजांग ला पर चीन का हमला
18 नवंबर की सुबह रेजांग ला में तैनात भारतीय जवानों पर चीनी सेना ने हमला कर दिया। करीब 3,000 से 5,000 चीनी सैनिकों की बड़ी टुकड़ी भारतीय चौकियों की ओर बढ़ रही थी। एक तरफ चीनी सैनिक अत्याधुनिक सेल्फ लोडिंग राइफलों और पर्याप्त हथियारों से लैस थे, तो दूसरी तरफ भारतीय जवानों के पास पुरानी थ्री नॉट थ्री राइफलें और सीमित गोला-बारूद था।
ऊंचाई और दुर्गम पहाड़ी इलाके के कारण यहां तोपों का इस्तेमाल भी संभव नहीं था। ऐसे में भारतीय जवानों को मशीनगनों, राइफलों और ग्रेनेड के सहारे ही दुश्मन का सामना करना पड़ा।
चीनी सैनिकों की बढ़ती संख्या देखकर मेजर शैतान सिंह ने वायरलेस के जरिए अतिरिक्त सैन्य मदद मांगी। लेकिन इतनी ऊंचाई और कम समय में अतिरिक्त सैन्य सहायता पहुंचाना संभव नहीं था। उन्हें चौकी छोड़कर पीछे हटने और जवानों की जान बचाने की सलाह दी गई।
लेकिन मेजर शैतान सिंह ने मोर्चा छोड़ने से इनकार कर दिया। उन्होंने अपने जवानों के साथ मिलकर दुश्मन का मुकाबला करने का फैसला किया।

1300 चीनी सैनिक हुए ढेर
मेजर शैतान सिंह मशीनगन से चीनी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए खुद एक पोस्ट से दूसरी पोस्ट तक पहुंचकर जवानों का हौसला बढ़ा रहे थे। 17 हजार फीट की ऊंचाई पर जहां सांस लेना भी मुश्किल था, वहां वे लगातार मोर्चों पर डटे अपने सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे।
जैसे-जैसे गोला-बारूद खत्म होता गया, भारतीय जवानों ने बंदूकों के बट और उपलब्ध हथियारों से भी दुश्मन का मुकाबला किया। आमने-सामने की इस लड़ाई में करीब 120 भारतीय जवानों ने करीब 1,300 चीनी सैनिक मारे गए।
हालांकि, दुश्मनों से मातृभूमी की रक्षा करते हुए इस भीषण संघर्ष में मेजर शैतान सिंह समेत चार्ली कंपनी के 114 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। छह जवानों में से एक को मेजर ने वापस भेज दिया था, जबकि पांच जवान चीनी सेना की गिरफ्त में आ गए। बाद में वे वहां से भाग निकलने में सफल रहे।
तीन महीने बाद बर्फ में मिला मेजर का पार्थिव शरीर
युद्ध के करीब तीन महीने बाद, फरवरी 1963 में जब रेजांग ला में बर्फ पिघलने लगी तो मेजर शैतान सिंह का पार्थिव शरीर उसी स्थान पर मिला, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली थी। कड़ाके की ठंड में उनका शरीर बर्फ से जम चुका था और उनके हाथों में मशीनगन मजबूती से थमी हुई थी।
उनके अदम्य साहस और नेतृत्व के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी बटालियन के पांच जवानों को वीर चक्र और चार जवानों को सेना मेडल प्रदान किया गया।

वर्ष 1963 में चुशुल के पास इन वीर जवानों की स्मृति में रेजांग ला युद्ध स्मारक बनाया गया। 18 नवंबर 2021 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसके पुनर्निर्मित परिसर को राष्ट्र को समर्पित किया।
रेजांग ला की लड़ाई ने साबित कर दिया कि युद्ध में जीत और हार से कहीं बड़ा सैनिक का साहस, संकल्प और मातृभूमि के प्रति उसका समर्पण होता है। मेजर शैतान सिंह और उनके 113 वीर साथियों का बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा अमर रहेगा। अर्नव मिश्रा, जम्मू कश्मीर नाउ, दिल्ली