20 बागी विधायक और 14 दिन का अल्टीमेटम.. क्या अपनी कुर्सी बचा पाएंगे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ?

    02-नवंबर-2026
Total Views |



जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जब निजी जिंदगी में नए बंधन में बंध रहे हैं, ठीक उसी वक्त उनके कुछ पुराने सियासी गठजोड़ दरकते नजर आ रहे हैं.


उमर अब्दुल्ला को सत्ता संभाले अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है, लेकिन अब सरकार के भीतर ही विरोध की आवाजें तेज होने लगी हैं.


खबर है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के करीब 18 से 20 विधायक पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं. हालिया मंत्रिमंडल विस्तार से असंतुष्ट इन विधायकों ने संगठन में बदलाव और सत्ता में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की है.


यानी सवाल सिर्फ सरकार चलाने का नहीं, बल्कि सीधे-सीधे सत्ता में भागीदारी का है. और निशाने पर है नेशनल कॉन्फ्रेंस का परिवारवाद.


नेशनल कॉन्फ्रेंस की राजनीति दशकों से अब्दुल्ला परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही है. शेख अब्दुल्ला से फारूक अब्दुल्ला और फिर उमर अब्दुल्ला तक, पार्टी का नेतृत्व इसी परिवार के हाथों में रहा है.


लेकिन अब पार्टी के विधायक संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की मांग कर रहे हैं. 18 विधायकों ने अपनी मांगों को लेकर फारूक अब्दुल्ला को ज्ञापन सौंपा है.


खबरों के मुताबिक, नाराज धड़े ने 14 दिन का अल्टीमेटम दिया है. मांगें नहीं माने जाने पर समर्थन वापस लेने की चेतावनी भी दी गई है.


इस ज्ञापन में जो प्रमुख मांगे हैं, वो हैं-

मंत्रिमंडल का नए सिरे से पुनर्गठन
क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन
दो साल पूरे कर चुके मंत्रियों को हटाने की मांग
मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी को हटाना
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी से R&B विभाग वापस लेना
चुनावी घोषणापत्र को समयबद्ध तरीके से लागू करना
पार्टी के भीतर संवाद और संगठनात्मक व्यवस्था में बदलाव

लेकिन पार्टी में ये विद्रोह अब क्यों भड़का, इसकी वजह समझिए..


27 अक्टूबर को हुए कैबिनेट विस्तार में नेशनल कॉन्फ्रेंस के चार विधायकों- अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्लाह, शमीमा फिरदौस और अल्ताफ अहमद वानी को मंत्री बनाया गया. वहीं निर्दलीय विधायक सतीश शर्मा को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया. इस विस्तार के बाद भी कई वरिष्ठ विधायक मंत्री नहीं बन सके. इनमें नजीर अहमद गुरेजी और मुबारक गुल प्रमुख हैं. मुबारक गुल को बाद में पार्टी का महासचिव बनाया गया, लेकिन फिर उन्हें इस पद से भी हटा दिया गया.


यानी नाराजगी सिर्फ मंत्री पद नहीं मिलने की नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर राजनीतिक हैसियत और फैसले लेने की प्रक्रिया में अपनी भागीदारी को लेकर भी है.


और इस अंदरूनी असंतोष के बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस को एक और झटका लगा है.


श्रीनगर से सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने 3 नवंबर को पार्टी और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है.

अब सबसे बड़ा सवाल- क्या इस बगावत से उमर अब्दुल्ला की मुख्यमंत्री की कुर्सी खतरे में आ सकती है?

इसका जवाब समझने के लिए विधानसभा का गणित समझिये.

जम्मू कश्मीर विधानसभा में कुल 90 निर्वाचित सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 46 है.

नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 41 विधायक हैं. सरकार को कांग्रेस के 6, पांच निर्दलीय और CPI(M) के एक विधायक का भी समर्थन हासिल है.

यानी उमर अब्दुल्ला सरकार के पास फिलहाल 53 विधायकों का समर्थन है.

लेकिन अगर नाराज धड़े के सभी 20 विधायक समर्थन वापस लेते हैं, तो सरकार के पास सिर्फ 33 विधायक बचेंगे.

यानी मौजूदा बहुमत के आंकड़े 46 से 13 कम.

ऐसी स्थिति में उमर अब्दुल्ला सरकार के सामने विधानसभा में बहुमत साबित करने की चुनौती खड़ी हो सकती है.

फिलहाल देखना होगा कि उमर अब्दुल्ला इस सियासी संकट से कैसे निपटते हैं? लेकिन इससे बड़ा सवाल जम्मू कश्मीर के भविष्य को लेकर है. दशकों तक आतंकवाद और अलगाववाद की चुनौतियों का सामना करने वाले जम्मू कश्मीर में 2019 के बाद संवैधानिक और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया. केंद्र शासित प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.

ऐसे में सवाल है कि क्या जनता के विकास, रोजगार और बेहतर प्रशासन की अपेक्षाओं पर सत्ता की यह अंदरूनी खींचतान भारी पड़ेगी?


क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस की यह सिर फुटव्वल जम्मू कश्मीर की राजनीति और शासन की प्राथमिकताओं को पटरी से उतार देगी? जम्मू कश्मीर नाऊ, दिल्ली.