नई दिल्ली : आतंकवाद मुक्त भारत, फिर नक्सलवाद मुक्त भारत और अब ड्रग्स मुक्त भारत… केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश को नशे के कारोबार से मुक्त कराने का जो संकल्प लिया है, उस दिशा में भी कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है।
इसी कड़ी में गुजरात ATS ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर सलीम इस्माइल डोला को गिरफ्तार किया है। उसे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाता है।
सलीम डोला पर 438.64 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन ड्रग्स बरामदगी से जुड़े नेटवर्क को विदेश से संचालित करने का आरोप है।
लेकिन इस पूरे मामले की शुरुआत आखिर कैसे हुई और सलीम डोला तक एजेंसियां कैसे पहुंचीं? समझते हैं इसकी पूरी क्रोनोलॉजी।
वडोदरा की फैक्ट्री से शुरू हुई जांच
1 दिसंबर 2022 को गुजरात के वडोदरा जिले के सिंधरोत गांव के पास एक ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा गया। यहां से 87.728 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 438.64 करोड़ रुपये आंकी गई।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने ड्रग्स बनाने से लेकर उसकी सप्लाई तक जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। इसी जांच में अंतरराष्ट्रीय तस्कर सलीम इस्माइल डोला का नाम सामने आया।
विदेश में बैठकर चलाता था ड्रग्स का कारोबार
गुजरात ATS के मुताबिक, सलीम डोला सिर्फ ड्रग्स की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं था। वह ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की सप्लाई भी करता था। फैक्ट्री में तैयार मेफेड्रोन की खरीद और आगे उसकी सप्लाई में भी उसकी भूमिका थी।
जांच में सामने आया कि वडोदरा की फैक्ट्री में तैयार ड्रग्स पहले मुंबई पहुंचाई जाती थी। वहां से सलीम डोला के सहयोगियों के जरिए इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक भेजा जाता था। जिन देशों में ड्रग्स भेजी जाती थीं, वहां फर्जी कंपनियां बनाकर इस कारोबार को आगे बढ़ाया जाता था।
मुंबई से दुबई, केन्या और फिर तुर्किये
सलीम डोला लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों के निशाने पर था। मुंबई से फरार होने के बाद वह दुबई पहुंचा। इसके बाद केन्या समेत कई देशों में रहा। भारतीय एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज की और इंटरपोल से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया।
मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी के आधार पर तुर्किये में उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हुआ।
अप्रैल 2026 में उसे तुर्किये से भारत लाया गया। इसके बाद गुजरात ATS ने 2022 के वडोदरा ड्रग्स मामले में उसकी भूमिका की जांच आगे बढ़ाई और 31 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
इकबाल मिर्ची के लिए भी कर चुका है काम
जांच एजेंसियों के मुताबिक, सलीम डोला का ड्रग्स तस्करी की दुनिया से पुराना संबंध रहा है। वह 1990 के दशक में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर इकबाल मिर्ची के लिए काम करता था। बाद में उसने अपने सहयोगियों के साथ अलग अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खड़ा कर लिया।
उसके खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में ड्रग्स तस्करी से जुड़े करीब एक दर्जन मामले दर्ज बताए जाते हैं।
- 1998 में मुंबई एयरपोर्ट पर करीब 40 किलोग्राम मैंड्रेक्स के साथ उसकी गिरफ्तारी हुई थी।
- 2013 में करीब 79 किलोग्राम चरस के मामले में भी वह पकड़ा गया था।
- 2018 में करीब 1,000 करोड़ रुपये की फेंटानिल ड्रग्स से जुड़े मामले में भी उसका नाम आया था।
- NCB, DRI और मुंबई पुलिस जैसी एजेंसियां भी उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर चुकी हैं।
अब किन सवालों के जवाब तलाश रही ATS?
सलीम डोला की गिरफ्तारी के बाद गुजरात ATS अब उससे ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के स्रोत, पैसों के लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे और विदेशों में बनाई गई फर्जी कंपनियों के जरिए तस्करी का कारोबार कैसे चलाया जा रहा था।
438 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामदगी से शुरू हुई जांच अब एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तक पहुंच गई है, जिसका संचालन विदेशों में बैठे इनके सरगना कर रहे हैं। सलीम डोला की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं, और देश से ड्रग्स तस्करी का आतंक समाप्त करने में मदद मिलेगी। जैसा कि खुद गृहमंत्री अमित शाह ने ड्रग्स मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया है।