'पोलियो की दवा से नसबंदी का डर' पाकिस्तान में वैक्सीनेशन टीम पर आतंकी हमला, दो पुलिसकर्मियों की मौत

    04-नवंबर-2026
Total Views |
 
Pakistan Polio Case 2026
  
दुनिया जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जरिए भविष्य की नई इबारत लिख रही है. जब मेडिकल साइंस ऐसी-ऐसी बीमारियों का इलाज खोज रहा है, जिनकी कभी कल्पना भी मुश्किल थी. तब पाकिस्तान आज भी पोलियो जैसी बीमारी से बच्चों को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है.
 
और इस लड़ाई में सबसे बड़ी बाधा है आतंकवाद और कट्टरपंथी सोच. इसकी ताजा मिसाल सामने आई खैबर पख्तूनख्वा से.
 
यहां मोहम्मद जिले में पोलियो टीकाकरण अभियान की सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम पर बाइक सवार आतंकियों ने हमला कर दिया. अंधाधुंध फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक जवान घायल हो गया.
 
गौर करने वाली बात ये है कि यह हमला ऐसे वक्त में हुआ, जब पाकिस्तान में करीब 2 करोड़ 40 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का अभियान चलाया जा रहा है.
 
 
 
अब जरा पाकिस्तान में बीमारियों की तस्वीर देखिए...
 
साल 2025 के आंकड़ों के मुताबिक...
  • पोलियो - 31 मामले
  • खसरा - 20,741 मामले
  • रूबेला - 252 मामले
  • जन्मजात रूबेला सिंड्रोम - 143 मामले
  • डिप्थीरिया - 562 मामले
  • काली खांसी - 79 मामले
  • टिटनेस - 335 मामले
ये आंकड़े बताते हैं कि पाकिस्तान आज भी उन संक्रामक बीमारियों से जूझ रहा है, जिनसे बचाव के लिए दुनिया के पास या तो वैक्सीन मौजूद हैं, या वो इन बीमारियों से आगे बढ़ चुकी है.
 
लेकिन सवाल है कि जब इलाज मौजूद है, तो फिर पाकिस्तान के बच्चों तक वैक्सीन पहुंचने में इतनी मुश्किल क्यों आ रही है?
 
इसकी एक बड़ी वजह है वैक्सीनेशन के खिलाफ फैलाई जाने वाली अफवाहें और आतंकी संगठनों का विरोध.
 
पाकिस्तान में कुछ कट्टरपंथी संगठन यह दुष्प्रचार करते रहे हैं कि पोलियो वैक्सीनेशन पश्चिमी देशों की साजिश है. यहां तक कि इसे मुस्लिम बच्चों की नसबंदी करने की साजिश बताकर लोगों में डर फैलाया जाता है.
 
इसी दुष्प्रचार का नतीजा है कि पोलियो टीमों को कई इलाकों में विरोध और हमलों का सामना करना पड़ता है. वैक्सीन पिलाने वाले स्वास्थ्यकर्मी ही नहीं, उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी आतंकियों के निशाने पर रहते हैं. और सबसे ज्यादा कीमत चुकाते हैं वो मासूम बच्चे, जिनका इन विवादों और साजिशों से कोई लेना-देना नहीं है.
 
अब विडंबना ये है कि जिस देश में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए पुलिसवालों को अपनी जान गंवानी पड़ रही हो. वो देश बार-बार खुद को परमाणु शक्ति संपन्न होने का दम भरता है. कभी कथित 'मुस्लिम NATO' की अगुवाई करने की बात करता है. कभी दुनिया के देशों के बीच जंग रुकवाने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की वकालत करता है.
 
अब पाकिस्तान के सामने दो रास्ते हैं...
 
एक तरफ आतंकवाद और कट्टरपंथ का वो नेटवर्क है, जो बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने में भी बाधा बन रहा है. और दूसरी तरफ एक मजबूत हेल्थकेयर सिस्टम है, जो आने वाली पीढ़ियों को इस तरह की संक्रामक बीमारियों से बचा सकता है.
 
फैसला पाकिस्तान को करना है...
 
उसे अपनी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारना है या उन्हें कट्टरपंथ और आतंकवाद के हवाले छोड़ना है? जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली