केंद्र ने अग्निवीरों के कार्यकाल में 2 साल का इजाफा किया है. 75 फीसदी अग्निवीरों को इसका फायदा मिलेगा
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए दिवाली से पहले अग्निवीरों को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र ने अग्निवीरों के सेवाकाल को 4 वर्ष से बढाकर 6 वर्ष करने का फैसला किया है। यानि नये नियमों के अनुसार अब चार साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सेना में शामिल नहीं हो पाने वाले 75% अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा। यानी उन्हें सेना में कुल छह साल तक सेवा करने का मौका मिल सकेगा।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीरों के चार साल के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया है और उनके काम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। जिसके बाद उन्हें 2 साल का एक्सटेंशन मिला है।
किस आधार पर मिलेगा लाभ
अब नई व्यवस्था में 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनके मेरिट, उनके कार्य क्षमता के आधार पर दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा। इस दौरान वे सेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। इसके बाद जो अग्निवीर नियमित सेना में शामिल होना चाहेंगे, उन्हें तय चयन प्रक्रियाओं के आधार पर आगे सेवा का अवसर दिया जाएगा। अतिरिक्त दो साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा वेतन दिया जाएगा। हालाँकि वेतन में कितनी वृद्धि होगी इस बात की अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं है।
अब तक के प्रमुख बदलाव
1. जून 2022
शुरुआती आयु सीमा 17.5 से 21 साल रखी गई
जिसे बाद में बढाकर 23 साल की गई
2. जून 2022 - CAPF और असम राइफल्स में 10% आरक्षण
3. फरवरी 2023 - सेना की भर्ती परीक्षा का क्रम बदला
पहले शारीरिक परीक्षा और मेडिकल के बाद लिखित परीक्षा होती थी।
अब पहले लिखित परीक्षा, फिर शारीरिक और अंत में मेडिकल जांच की व्यवस्था लागू हुई
4. 4 नवंबर 2026 - 75% अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन दिया गया
बहरहाल, अग्निवीरों का पहला बैच अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है। पहले की व्यवस्था के अनुसार, इस बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों को 2026 के अंत तक सेवा से बाहर होना था।
ऐसे समय में सरकार का यह फैसला आया है। इससे उन अग्निवीरों को अतिरिक्त दो साल तक सेना में काम करने और नियमित सेवा में शामिल होने के लिए खुद को साबित करने का एक और अवसर मिलेगा। जिससे ना सिर्फ सेना को इसका फायदा मिलेगा बल्कि अग्निवीरों को भी 2 साल अतिरिक्त देश की सेवा करने का लाभ मिलेगा।