सिंधु जल संधि के बाद अब फरक्का की बारी? भारत और सनातन विरोधी रुख के चलते बढ़ सकती हैं बांग्लादेश की मुश्किलें!

    05-नवंबर-2026
Total Views |
 
Farakka Water Treaty Bangladesh
 30 साल पुरानी गंगा जल संधि खत्म होने से पहले भारत ने बदला रुख, बिहार-बंगाल के हितों को प्राथमिकता देने की तैयारी..
 
नई दिल्ली : पाकिस्तान के साथ गठजोड़ और भारत विरोधी राजनीति की कीमत अब बांग्लादेश को भी चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि पर सख्त रुख अपनाने के बाद भारत अब गंगा जल समझौते को लेकर भी पुराने ढर्रे पर चलने के मूड में नहीं है।
 
बांग्लादेश के साथ गंगा जल को लेकर 30 साल पुरानी संधि खत्म होने से पहले ही भारत ने संकेत दिए हैं कि अब पानी के बंटवारे में बिहार और बंगाल के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। साथ ही गंगा का पानी अब सिर्फ बांग्लादेश की जरूरत के हिसाब से नहीं बंटेगा।
 
तो चलिए विस्तार से बतलाते हैं कि आख़िरकार पूरा मामला है क्या ? 
 
क्या है फरक्का जल संधि?
 
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में गंगा नदी पर फरक्का बैराज बनाया गया है। इसका मकसद गंगा के पानी का कुछ हिस्सा हुगली नदी की ओर भेजना है, ताकि कोलकाता बंदरगाह में पानी का बहाव बना रहे और जहाजों की आवाजाही में परेशानी न हो।
 
भारत और बांग्लादेश ने 12 दिसंबर 1996 को यहां गंगा के पानी के बंटवारे के लिए 30 साल की संधि की थी। इसके तहत हर साल 1 जनवरी से 31 मई तक पानी का बंटवारा 10-10 दिनों की अवधि के आधार पर होता है।
 
1996 में हुई 30 साल पुरानी संधि अब 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने जा रही है। ऐसे में भारत अब इसे पुरानी शर्तों पर आगे बढ़ाने के बजाय नए सिरे से बातचीत करना चाहता है।
 
जबकि बांग्लादेश चाहता है कि इस संधि को बिना किसी चर्चा के कंटीन्यू किया जाए। लेकिन भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ किया है कि इस बार फैसला सिर्फ बांग्लादेश की मांगों के आधार पर नहीं होगा।

Farakka Water Treaty Bangladesh दोनों देशों के बीच जल का बंटवारा कुछ इस प्रकार है.. 
 
संधि के प्रमुख प्रावधान
 
  • 70 हजार क्यूसेक या उससे कम पानी होने पर दोनों देशों को 50-50 प्रतिशत हिस्सा मिलता रहा।
  • 70 से 75 हजार क्यूसेक के बीच बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक और शेष पानी भारत को मिलता रहा।
  • 75 हजार क्यूसेक से अधिक प्रवाह होने पर भारत को 40 हजार क्यूसेक और शेष पानी बांग्लादेश को दिया जाता है।
  • मार्च से मई के बीच तीन वैकल्पिक 10-दिवसीय अवधियों में दोनों देशों के लिए 35-35 हजार क्यूसेक पानी की गारंटी का प्रावधान है।
 
अब भारत क्यों सख्त हुआ?
 
1996 में जब यह समझौता हुआ था, तब दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध अपेक्षाकृत बेहतर थे। लेकिन बांग्लादेश में रिजीम चेंज के बाद कट्टरपंथियों द्वारा हिन्दुओं पर लगातार हो रहे हमले, भारत विरोधी गतिविधियाँ और एंटी इंडिया, एंटी हिन्दू बयानबाजी ने दोनों देशों के बीच परिस्थितियां बदल दी हैं।
 
अब बांग्लादेश 1977 के समझौते जैसी न्यूनतम जल गारंटी बहाल करने और लंबी अवधि की नई संधि चाहता है। वहीं भारत किसी ऐसी व्यवस्था के पक्ष में नहीं है, जिसमें नदी में पानी कम होने के बावजूद उस पर अतिरिक्त दबाव पड़े।
 
भारत की चिंताएं और नई शर्तें
 
भारत चाहता है कि गंगा के पानी का बंटवारा करते समय अपने राज्यों की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखा जाए। इसी वजह से भारत पुरानी शर्तों पर समझौते को आगे बढ़ाने के बजाय नए सिरे से बातचीत करना चाहता है।
 
भारत की प्रमुख चिंताएं हैं
 
  • बिहार और बंगाल के किसानों, उद्योगों और आम लोगों को खेती, कारोबार और पीने के लिए पर्याप्त पानी मिलना चाहिए
  • बारिश कम या ज्यादा होने और नदी में पानी का स्तर घटने-बढ़ने के हिसाब से पानी का बंटवारा होना चाहिए।
  • पानी जितना उपलब्ध हो, उसी के हिसाब से दोनों देशों के बीच बंटवारा तय हो। साथ ही समझौता कितने साल के लिए होगा, इस पर भी नए सिरे से फैसला हो।
 
भारत का संदेश साफ, राष्ट्रीय हित सर्वोपरि
 
भारत पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है, लेकिन इसकी कीमत अपने नागरिकों और राज्यों के हितों से समझौता करके नहीं चुकाएगा। पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि पर बदले रुख के बाद बांग्लादेश के साथ गंगा जल समझौते पर सख्ती भी इसी नीति का संकेत है।
 
अब पानी का बंटवारा पुराने दबावों या एकतरफा मांगों पर नहीं, बल्कि मौजूदा जरूरतों और आपसी सहमति के आधार पर होगा। दोस्ती अपनी जगह, लेकिन देश के संसाधनों और हितों से समझौता स्वीकार नहीं।
 
 
Written By 
Ujjawal Mishra (Arnav)