पाकिस्तान के खिलाफ बलोच महिलाओं ने भी खोला मोर्चा, BLF की KAAD यूनिट ने सात जवानों को किया ढेर

    05-नवंबर-2026
Total Views |
 
BLF Women Command Attack Pakistan Army
 BLF की महिला विंग KAAD बलोचिस्तान में पाकिस्तानी सेना का 'काल' बनकर उभरी है.
 
बलोच लड़ाकों के बाद अब बलोचिस्तान की महिलाएं भी पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ हथियार लेकर मैदान में उतर चुकी हैं.
 
ये हैं बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट यानी BLF की महिला लड़ाकू यूनिट KAAD और कुरबान यूनिट!
 
KAAD का पूरा नाम है करिमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन. ये नाम रखा गया है करिमा बलोच के नाम पर, जो कि बलोचिस्तान की प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता थीं और 2020 में उनकी कनाडा में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी.
 
बुर्के में आम महिलाओं जैसी दिखने वाली इन लड़ाकों की सशस्त्र गतिविधियों ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. 28 अक्टूबर को बुलेदा में पाकिस्तानी सेना ने इसका स्वाद चखा.
 
BLF के दावे के मुताबिक, 28 अक्टूबर को बलोचिस्तान के केच जिले के बुलेदा इलाके में KAAD और कुरबान यूनिट ने मिलकर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ कार्रवाई की. जिसमें सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. BLF के प्रवक्ता के मुताबिक, महिला लड़ाकों ने मैनाज बाजार में पहले नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की और इसके बाद आलंदूर स्थित पाकिस्तानी सेना के कैंप को निशाना बनाया.
 
लेकिन यह KAAD का पाकिस्तानी सेना के खिलाफ पहला ऑपरेशन नहीं था. सितंबर 2026 में अपने गठन की घोषणा के बाद से ही यह यूनिट कई सैन्य कार्रवाइयों को अंजाम दे चुकी है.
 
22 सितंबर 2026 को KAAD ने केच जिले के जोसाक, तुरबत में अपना पहला हमला किया. संगठन के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना की क्विक रिएक्शन फोर्स के काफिले को निशाना बनाया गया जिसमें कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए.
 
इसके बाद 25 सितंबर को कलात के मंगूचर में हाईवे पर सैन्य काफिले को निशाना बनाया. संगठन ने तीन सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचाने का दावा किया.
 
26 सितंबर को खुजदार के लखोरी में क्वेटा-कराची हाईवे पर नाकाबंदी कर सैन्य वाहनों की जांच की गई.
 
इसके तीन दिन बाद यानी 29 सितंबर को कलात के दश्त-ए-गोरान में भी नाकाबंदी और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ हुई.
 
लेकिन बलोच महिला लड़ाकुओं की कहानी सिर्फ BLF तक सीमित नहीं है. इससे पहले बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी BLA की महिला लड़ाकुओं ने भी पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ बड़े अभियानों में हिस्सा लिया है.
 
31 जनवरी 2026 को BLA के ऑपरेशन 'हेरोफ 2.0' में आसिफा मेंगल और हवा बलोच ने प्रमुख भूमिका निभाई. नुश्की में आसिफा मेंगल ने आत्मघाती हमला किया, जबकि ग्वादर में हवा बलोच ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ मोर्चा संभाला. इस पूरे ऑपरेशन में BLA ने 84 पाकिस्तानी सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को मारने और 18 को बंदी बनाने का दावा किया था.
 
अब सवाल यह है कि आखिर बलोचिस्तान में विद्रोह की आग लगातार क्यों भड़क रही है? आखिर क्यों वहां की महिलाओं को हथियार उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा?
 
इसका जवाब बलोचिस्तान के दशकों पुराने राजनीतिक और सामाजिक संकट में छिपा है. प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार, जबरन थोपा गया राजनीतिक प्रतिनिधित्व, जबरन गुमशुदगी और मानवाधिकारों के उल्लंघन के गंभीर मामले बलोचिस्तान में असंतोष की वजह बने हुए हैं.
 
और जब स्थानीय लोग अपने अधिकारों की मांग करते हैं, तो उन्हें आतंकवादी घोषित कर दिया जाता है. उनकी आवाज को दबाने के लिए पाकिस्तान सैन्य ताकत का इस्तेमाल करता है.
 
पाकिस्तान का यही रवैया वहां लगातार टकराव और हिंसा को जन्म दे रहा है. लेकिन इस संघर्ष में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने इसे ज्यादा गंभीर बना दिया है.
 
अब बड़ा सवाल यह है कि जो पाकिस्तान खुद को एटमी ताकत बताता है, दुनिया में अपनी सैन्य शक्ति का दम भरता है और दूसरे देशों को सुरक्षा देने की बातें करता है, वह अपने ही देश में लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात को क्यों नहीं संभाल पा रहा? आए दिन उसके सैनिक अपने ही देश में क्यों मारे जा रहे हैं?
 
बलोचिस्तान में विद्रोह, खैबर पख्तूनख्वा में TTP के हमले, सिंध में अलगाववादी आवाजें और POJK में अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरे लोग... ये सभी पाकिस्तान के सामने खड़ी गंभीर आंतरिक चुनौतियों की तस्वीर पेश करते हैं. सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि पाकिस्तान इन चुनौतियों से कैसे निपटेगा, बल्कि यह भी है कि क्या उसकी मौजूदा नीतियां इन संकटों को और गहरा नहीं कर रही हैं?
 
अगर हालात ऐसे ही रहे तो, हो सकता है आंतरिक समस्याओं का समाधान तलाशने में नाकाम पाकिस्तान को हम कई टुकड़ो में टूटते हुए देखें. जम्मू-कश्मीर नाऊ, नई दिल्ली.