चीन देगा फाइटर जेट, पाकिस्तान सिखाएगा उड़ाना, बांग्लादेश और चीन के बीच हो रही 22 हजार करोड़ की डील!

    06-नवंबर-2026
Total Views |

bangladesh china fighter jets deal चीन से फाइटर जेट खरीदने की तैयारी में है बांग्लादेश, और उसके उड़ाने की ट्रेनिंग पाकिस्तानी पायलट देंगे
 
नई दिल्ली : चीन का फाइटर जेट, पाकिस्तान का ट्रेनर और बांग्लादेश का एयरबेस! मामला थोड़ा दिलचस्प भी है और भारत के लिए नजर रखने वाला भी। चीन बांग्लादेश को करीब 22 हजार करोड़ रुपये के J-10CE लड़ाकू विमान देने की तैयारी में है।
 
इन विमानों को उड़ाने की ट्रेनिंग पाकिस्तान की वायुसेना दे सकती है। खास बात यह है कि ट्रेनिंग भारत की सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर बांग्लादेश के जेसोर एयरबेस पर होने की चर्चा है। यानी विमान चीन देगा और उन्हें उड़ाना पाकिस्तान सिखाएगा
 
चीन से 20 J-10CE विमान खरीदने की तैयारी
 
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश अपनी वायुसेना को मजबूत करने के लिए चीन से करीब 20 J-10CE मल्टीरोल फाइटर जेट खरीदना चाहता है। इस सौदे की कीमत करीब 2.3 अरब डॉलर यानी लगभग 22 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके लिए ड्राफ्ट समझौता भी तैयार होने की खबर है। हालांकि, अभी सौदे पर अंतिम मुहर लगना बाकी है।
 
पाकिस्तान क्यों देगा ट्रेनिंग?
 
यहां पाकिस्तान की एंट्री होती है। पाकिस्तान की वायुसेना पहले से चीनी J-10CE विमान इस्तेमाल कर रही है। ऐसे में बांग्लादेशी पायलटों को इन विमानों को उड़ाने की ट्रेनिंग देने के लिए पाकिस्तान का नाम सामने आया है।
 
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर में ढाका में चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश की वायुसेनाओं के अधिकारियों की बैठक हो सकती है। इसके तहत सिर्फ पायलटों को ही नहीं, बल्कि रडार ऑपरेटरों और विमानों की देखरेख करने वाले ग्राउंड स्टाफ को भी प्रशिक्षण देने की योजना है। जेसोर एयरबेस का जायजा लेने के लिए पाकिस्तानी वायुसेना की टीम के पहुंचने की भी खबर है।
 
भारत के लिए क्यों अहम है यह मामला?
 
अब जरा इस जगह को समझिए। जेसोर एयरबेस भारतीय सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। यानी जिस इलाके में पाकिस्तानी ट्रेनर बांग्लादेशी पायलटों को प्रशिक्षण दे सकते हैं, वह भारत की सीमा के बेहद करीब है।
 
दूसरी तरफ सिलीगुड़ी कॉरिडोर है। करीब 20 से 22 किलोमीटर चौड़ा यह गलियारा भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। रणनीतिक लिहाज से इसकी अहमियत किसी से छिपी नहीं है।
 
चीन पहले से पाकिस्तान को लड़ाकू विमान और दूसरी सैन्य तकनीक दे रहा है। अब बांग्लादेश भी चीनी विमानों की खरीद की तैयारी में है। अगर पाकिस्तान वहां ट्रेनिंग और दूसरी सैन्य गतिविधियों में शामिल होता है तो तीनों देशों के बीच सैन्य सहयोग और बढ़ सकता है।
 
यही वजह है कि भारत के लिए इस घटनाक्रम पर नजर रखना जरूरी है। सवाल सिर्फ बांग्लादेश के नए लड़ाकू विमानों का नहीं है, बल्कि यह भी है कि भारत के पड़ोस में चीन और पाकिस्तान अपनी सैन्य मौजूदगी और सहयोग को किस हद तक बढ़ाते हैं।