जम्मू-कश्मीर में उमर सरकार पर संकट! आज इस्तीफा दे सकते हैं NC के 25 नाराज विधायक

    06-नवंबर-2026
Total Views |

Jammu kashmir political crisis
 जम्मू कश्मीर में जारी सियासी उठापटक के बीच आज NC के 25 नाराज विधायक इस्तीफा दे सकते हैं!
 
जम्मू कश्मीर में सत्ताधारी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस में उठ रहे बगावती सुरों के बीच आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। क्योंकि खबर है कि अगर NC के 25 नाराज विधायकों की मांगें नहीं मानी गई तो वे सभी आज सामूहिक रूप से इस्तीफा दे सकते हैं।
 
इससे पहले NC सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने 3 नवम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसे स्पीकर ओम बिरला ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार भी कर लिया है।
 
लिहाजा, ताजा हालातों को देखते हुए अब ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या उमर अब्दुल्ला की सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर पाएगी या बीच में ही सत्ता से बाहर होने की नौबत आ जाएगी?
 
क्या है पूरा मामला ? 
 
दरअसल, उमर अब्दुल्ला सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद से ही पार्टी के 25 विधायक नाराज चल रहे हैं। 30 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच NC के नाराज विधायकों ने पांच गुप्त बैठकें कीं। इन बैठकों में सरकार के कामकाज, मंत्रियों की भूमिका और पार्टी नेतृत्व से अपनी नाराजगी को लेकर चर्चा हुई। अब इन विधायकों ने उमर अब्दुल्ला और पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा है। 
 
क्या है नाराज विधायकों की मांगें?
 
  • विधायकों की मांग है कि मंत्रिमंडल का नए सिरे से गठन किया जाए
  • क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाया जाए
  • दो साल पूरे कर चुके मंत्रियों को हटाया जाए
  • मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी को पद से हटाया जाए
  • डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी से सड़क निर्माण विभाग वापस लिया जाए
इसके अलावा विधायकों ने सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की भी मांग उठाई है।
 
इस बीच श्रीनगर में आज उमर और फारूक अब्दुल्ला की नाराज विधायकों के साथ बैठक का दौर जारी है। उमर अब्दुल्ला लगातार अपने नाराज विधायकों को मनाने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन अगर बैठक में आपसी सहमति नहीं बनी और उमर अब्दुल्ला विधयाकों को मनाने में नाकामयाब होते हैं तो उन्हें सत्ता से हाथ धोना भी पड़ सकता है। 
 
सत्ता का गणित
 
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कुल 90 निर्वाचित सीटें हैं और बहुमत के लिए 46 विधायकों का समर्थन जरूरी है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 41 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के 6, पांच निर्दलीय और CPI(M) के एक विधायक का समर्थन मिलाकर सरकार के पास कुल 53 विधायकों का साथ है।
 
लेकिन अगर नाराज धड़ा समर्थन वापस लेता है तो सरकार का बहुमत का गणित बिगड़ सकता है। 25 विधायकों के समर्थन वापस लेने की स्थिति में सरकार के पास महज 28 विधायकों का समर्थन रह जाएगा, जो बहुमत के आंकड़े से काफी कम है।
 
फिलहाल नाराज धड़े को मनाने की कोशिश जारी है। क्या उमर अब्दुल्ला इसमें सफल हो पाएंगे?, या उनको अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ेगा। बड़ा सवाल है। किस करवट बैठेगा केंद्र शासित प्रदेश की सियासत का ऊंट? फिलहाल राजनीतिक पंडितों की निगाहें जम्मू कश्मीर पर टिकी हैं।