PoJK में पाकिस्तानी सेना ने बरसाई मौत, निहत्थे लोगों पर ड्रोन हमले में सात लोगों की मौत, 18 से ज्यादा घायल

    06-नवंबर-2026
Total Views |
 
Pojk
 पाकिस्तानी ड्रोन हमले का सबूत दिखाता JAAC नेता सरदार उमर नजीर
 
फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की पाकिस्तानी आर्मी अगर एक काम सबसे बेहतर कर सकती है, तो वो है अपने ही देश के निहत्थे और बेगुनाह लोगों पर मौत बरसाना...
 
बलूचिस्तान हो, सिंध हो या खैबर पख्तूनख्वा... पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में उसकी फौज पिछले आठ दशकों से यही करती आई है.
 
लेकिन अब पाकिस्तानी सेना की इस बर्बरता का एक नया मामला सामने आया है PoJK से... यानी जम्मू-कश्मीर के उस हिस्से से, जिस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है.
 
5 नवंबर की सुबह रावलाकोट में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की. सुरक्षाबलों ने नागरिक इलाकों में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाईं और ड्रोन से हमले भी किए.
 
इस कार्रवाई में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
 
मरने वालों में चार बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. अब सवाल है कि, आखिर पाकिस्तानी सेना इस हद तक क्यों गई ?
 
दरअसल, रावलाकोट समेत PoJK के कई इलाकों में पिछले करीब पांच महीनों से जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी यानी JAAC के बैनर तले विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं.
 
हजारों लोग 38 सूत्रीय मांगपत्र लागू करने की मांग को लेकर सड़कों पर हैं. शुरुआत में यह आंदोलन राजनीतिक और प्रशासनिक सुधारों की मांग को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन अब इसकी मांग पाकिस्तान के अवैध कब्जे से आजादी तक पहुंच गई हैं.
 
यही वो बात है, जो पाकिस्तान को सबसे ज्यादा खटक रही है. लिहाजा, इस आंदोलन को दबाने के लिए पाकिस्तानी हुकूमत और सेना हर नाजायज तरीका अपना रही हैं.
 
हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वहां अब तक सैन्य कार्रवाई में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि हजारों लोगों लापता बताए जा रहे हैं.
 
सिर्फ गोलियां चलाकर ही नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को भी निशाना बनाया जा रहा है.
 
वहां हालात ये हैं कि...
 
  • इंटरनेट और संचार सेवाओं पर पाबंदियां लगा दी गई हैं.
  • खाद्य सामग्री और दवाइयों की आपूर्ति रोक दी गई है.
  • बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी चालू नहीं हैं.
  • अस्पतालों पर सेना का कब्जा है.
  • महिलाओं समेत आम लोगों को घरों से उठाया जा रहा है.
 
और अब जरा पाकिस्तान के तथा कथित कश्मीर प्रेम पर भी गौर कीजिए. विडंबना देखिए... जम्मू-कश्मीर के एक हिस्से पर अवैध कब्जा करके वहां के लोगों के अधिकारों को कुचलने वाला पाकिस्तान दुनिया भर में इसे अपनी 'जुगुलर वेन' बताता घूमता है.
 
फिलिस्तीन से लेकर गाजा तक के मुद्दे पर पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों से खूब आवाज उठाता है. लेकिन जब बात उसके अवैध कब्जे वाले जम्मू कश्मीर की आती है, तो उसे वहां के लोगों की चीखें सुनाई नहीं देतीं.
  
भारत लगातार पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में लोगों के अधिकारों का मुद्दा उठाता रहा है. लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी जिम्मेदारी है कि वह PoJK में सामने आ रहे इन गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों पर चुप्पी तोड़े और पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराए. जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली