गरीबी किससे दूर होती है, पैसे से. लेकिन क्या हो अगर किसी देश के पास पैसे छापने के लिए भी पैसे ना बचे हों.
क्या कोई देश इस हद तक गरीब हो सकता है. जी बिलकुल हो सकता है. और वो देश कोई और नहीं, पाकिस्तान है.
जी हां, आप सही सुन रहे हैं. पाकिस्तान के पास इतने भी पैसे नहीं बचे हैं कि वो पैसे छाप सके. वहां महंगाई का आलम ये है कि, नोट छापने का खर्च उसके खजाने पर भारी पड़ने लगा है. और इसीलिए पाकिस्तान कुछ नोटों की जगह सिक्के लाने की तैयारी कर रहा है. और इसके लिए जिस नोट की बलि सबसे पहले दी जाने वाली है, वो है 10 रूपये का नोट.
दरअसल, पाकिस्तान की संघीय कैबिनेट, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ कर रहे थे, उसने 4 नवंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर 10 रुपये के नोट को सिक्के से बदलने और पूरी करेंसी को नए सिरे से डिजाइन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
अब ऐसा क्यों है, इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है नोट की छपाई, उसे बार-बार बदलने पर आने वाला खर्च और महंगाई.
अब जरा इसका गणित भी समझ लीजिए.
पाकिस्तान में दस रुपये का एक नोट औसतन सिर्फ छह से नौ महीने तक चल पाता है. जबकि दस रुपये का सिक्का 20 से 30 साल तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
यही वजह है कि पाकिस्तान में हर साल छपने वाले कुल नोटों में करीब 35 फीसदी हिस्सेदारी दस रुपये के नोटों की बताई गई है.
यानी नोट छोटा, लेकिन सरकारी खजाने पर बड़ा बोझ!
एक अनुमान के मुताबिक, दस रुपये के नोट को छापने, बदलने और संभालने पर पाकिस्तान हर साल करीब 8 से 10 अरब रुपये खर्च करता है. लेकिन अगर इसकी जगह सिक्का लाया जाए, तो अगले दस साल में 40 से 50 अरब रुपये तक बचाया जा सकता है.
अब सोचिए, पाकिस्तान के हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि वहां की सरकार को दस रुपये के नोट में भी बचत का रास्ता तलाशना पड़ रहा है.
लेकिन इससे पहले भी पाकिस्तान खर्च में कटौती के लिए कई यूनिक कदम उठा चुका है. खर्च बचाने के लिए पहले मंत्रियों की लग्जरी गाड़ियों पर कैंची चली, फिर सरकारी दावतों में पकवान कम हुए, विदेश दौरों में इकोनॉमी क्लास लागू हुई, पेट्रोल का कोटा घटाया गया और सरकारी विभागों को 15 फीसदी खर्च कम करने का फरमान सुनाया गया.
लेकिन इन कोशिशों के बावजूद पाकिस्तान की आर्थिक मुश्किलें खत्म नहीं हुईं. और अब नौबत यहां तक पहुंच गई है कि दस रुपये का नोट छापने के बजाय सिक्का चलाने की तैयारी हो रही है.
]
यानी पाकिस्तान में बचत का अभियान अब मंत्रियों की गाड़ियों से होता हुआ आम आदमी की जेब तक पहुंच गया है.
अब विडंबना देखिए कि जो पाकिस्तान कर्ज और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, सरकार को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों में भी खर्च काटने की कवायद करनी पड़ रही है. उसी पाकिस्तान की सेना का विशाल कारोबारी साम्राज्य है
फौजी फाउंडेशन पाकिस्तान के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में से एक है. 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक इसका बाजार पूंजीकरण करीब 5.9 अरब डॉलर आंका गया है. सेना के कारोबार का दायरा फर्टिलाइजर से लेकर बैंकिंग, पेट्रोलियम, सीमेंट और बिजली तक फैला हुआ है.
यानी एक तरफ देश की सरकार दस रुपये का नोट छापने का खर्च बचाने में लगी है, दूसरी तरफ उसी देश की सेना का कारोबार अरबों डॉलर में फैला हुआ है.
अब पाकिस्तान दुनियाभार में खुद को जितना मर्जी एटमी पावर बताता फिरे, लेकिन हकीकत यही है कि उसकी सरकार के पास इतने भी पैसे नहीं हैं कि दस रुपये का नोट ही छाप सके. जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली