'पाकिस्तान के लिए क्या भारत से भिड़ेगा तुर्किये ?', मक्‍का पैक्ट पर तुर्किये की संसद में बवाल, विपक्ष ने सरकार से पूछे सवाल

    06-नवंबर-2026
Total Views |

Makkah pact
 तुर्किए की संसद में विपक्षी दलों ने मक्का पैक्ट का विरोध किया है. उनका कहना है कि ये समझौता देश के युवाओं को मौत के मुँह में धकेलने जैसा है..
 
पाकिस्तान से दोस्ती निभाने के लिए सऊदी अरब और तुर्किये ने जिस मक्का रक्षा समझौते पर मुहर लगाई, अब उसी को लेकर तुर्किये की संसद में विरोध के सुर गूंजने लगे हैं। विपक्ष के सांसदों ने समझौते का विरोध करते हुए राष्ट्रपति एर्दोगन से सवाल पूछे हैं। सवाल भी ऐसा, जो सीधे भारत से जुड़ा है।
 
दरअसल, कुर्द-समर्थक 'पीपल्स इक्वेलिटी एंड डेमोक्रेसी पार्टी' (DEM पार्टी) की डिप्टी ग्रुप लीडर गुलिस्तान किलिच कोचयिगित ने 'मक्का पैक्ट’ का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सवाल पूछे कि अगर भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो क्या तुर्किये भी पाकिस्तान की तरफ से मैदान में उतरेगा? क्या इस समझौते के नाम पर तुर्किये अपने सैनिकों को भारत के खिलाफ भेज सकता है और क्या भारत पर हमला करेगा ?
 
विपक्ष का साफ़ कहना है कि सरकार ने ऐसा समझौता करके देश को दूसरे देशों के युद्ध में उलझने का रास्ता खोल दिया है। साथ ही देश के युवाओं को राजनीतिक लाभ के लिए मौत के मुंह में धकेलने का काम किया है। उन्होंने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव का भी जिक्र किया।
 
बहरहाल, जानकारी के लिए बता दें कि तुर्की की संसद ने मक्का पैक्ट से जुड़े विधेयक को बहुमत से मंजूरी दे दी है। 5 नवंबर को इस पर मतदान हुआ। तुर्की की 592 सदस्यों वाली संसद में 398 सांसदों ने वोट डाला। इनमें से 279 ने बिल के पक्ष में और 119 ने इसके विरोध में मतदान किया।
 
क्या पाकिस्तान के लिए युद्ध में उतरेगा तुर्की ?
 
क्या वाकई तुर्की किसी अन्य देश की रक्षा के लिए सीधे युद्ध में उतर सकता है ? मक्का पैक्ट के बाद से इस तरह के सवाल कई बार सामने आए हैं। तो इस सवाल का जवाब है नहीं। संसद से बिल पास होने का मतलब यह नहीं है कि तुर्की अब जब चाहे अपने मक्का पैक्ट के सहयोगियों की मदद के लिए सेना भेज सकता है। इसके लिए अलग प्रक्रिया है।
 
तुर्की के संविधान के अनुच्छेद 90 के तहत 5 नवंबर को पास हुआ यह बिल मक्का पैक्ट को कानूनी मंजूरी देने से जुड़ा है। वहीं, संविधान के अनुच्छेद 92 के मुताबिक, अगर तुर्की को अपने किसी सहयोगी की मदद के लिए सेना भेजनी है, तो सरकार को इसके लिए संसद में अलग प्रस्ताव लाना होगा और उसकी मंजूरी लेनी होगी।
 
 
 
मक्का पैक्ट कितना असरदार ?
 
दरअसल, यह सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि मक्का पैक्ट की असल परीक्षा हाल ही में सऊदी अरब की सुरक्षा के मोर्चे पर देखने को मिली। जब सऊदी पर हुतियों ने हमला किया तो मुस्लिम NATO का दम भरने वाले कंगाल पाकिस्तान ने मदद करने बजाय अपने पैर पीछे खींच लिए। इसके अलावा तुर्की भी इस दौरान पीछे कतार में खड़ा नजर आया।
 
यानी सवाल सिर्फ समझौते पर हस्ताक्षर करने का नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उसे निभाने का भी है। अब इसे लेकर ही तुर्किये की संसद में बवाल खड़ा हो चुका है।
 
क्या है मक्का पैक्ट?
 
7 अगस्त 2026 को सऊदी अरब के मक्का में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने इस रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला बाकी देशों पर हमला माना जाएगा और तीनों देश आपसी सैन्य सहायता करेंगे। हालांकि ये समझौता जमीन पर कितना खरा उतरता है हल के दिनों में दुनिया ने सऊदी में देख लिया। साथ ही आने वाले दिनों में अन्य मोर्चों पर भी देखने को मिल जाएगा।