अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर जारी खींचतान के बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का अमेरिका दौरा महज़ एक कूटनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की आत्मविश्वासी और स्वतंत्र विदेश नीति का स्पष्ट संदेश है। 2 से 4 फरवरी 2026 तक होने वाला यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ का दबाव बढ़ाने की कोशिश की है, लेकिन नई दिल्ली झुकने के मूड में नहीं है।
विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर वॉशिंगटन डीसी में आयोजित ‘क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल’ में हिस्सा लेंगे। यह बैठक केवल खनिजों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दशकों की वैश्विक सप्लाई चेन, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारियों की दिशा तय करने वाली है।
क्रिटिकल मिनरल्स: भारत की मजबूती, अमेरिका की ज़रूरत!
लिथियम, कोबाल्ट, निकल जैसे महत्वपूर्ण खनिज आज केवल इलेक्ट्रिक गाड़ियों या रिन्यूएबल एनर्जी तक सीमित नहीं हैं ये भविष्य के डिफेंस सिस्टम, सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री और रणनीतिक तकनीकों की रीढ़ हैं। अमेरिका जानता है कि इन क्षेत्रों में चीन पर निर्भरता घटाने के लिए भारत जैसा भरोसेमंद साझेदार अनिवार्य है।
यही कारण है कि टैरिफ विवादों के बावजूद अमेरिका भारत को इस उच्चस्तरीय मंच पर न सिर्फ आमंत्रित कर रहा है, बल्कि उसे सप्लाई चेन पार्टनर के रूप में देख रहा है। जयशंकर की मौजूदगी यह संकेत देती है कि भारत दबाव की राजनीति नहीं, बल्कि बराबरी की साझेदारी में विश्वास करता है।
FTA की राह पर भारत, अमेरिका को साफ संदेश
जहाँ अमेरिका टैरिफ के ज़रिये दबाव बनाने की रणनीति अपना रहा है, वहीं भारत यूरोपीय यूनियन, खाड़ी देशों और अन्य साझेदारों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर लगातार आगे बढ़ रहा है। यह साफ करता है कि भारत के पास विकल्प हैं और वह किसी एक देश की शर्तों पर अपनी आर्थिक संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। जयशंकर का यह दौरा अमेरिका को यह भी याद दिलाता है कि भारत अब 1990 के दशक वाला देश नहीं है, जिसे दबाव में झुकाया जा सके। आज भारत वैश्विक सप्लाई चेन का केंद्र बनता जा रहा है।
पाकिस्तान की हताशा और भारत की उपेक्षा नहीं
इस पूरी कूटनीतिक तस्वीर का एक अहम पहलू पाकिस्तान भी है। हाल ही में पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के लिए क्रिटिकल मिनरल्स का लालच देने की कोशिश की। लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान को इस महत्वपूर्ण मिनिस्टीरियल बैठक में कोई खास तवज्जो नहीं मिली। यह बताता है कि अमेरिका भी अब समझ चुका है कि पाकिस्तान केवल वादों और सौदों का देश है, जबकि भारत स्थिरता, भरोसे और दीर्घकालिक साझेदारी का प्रतीक है।