साजिश या पुरानी रंजिश? शादी समारोह में एनसी अध्यक्ष Farooq Abdullah पर जानलेवा हमले की कोशिश, आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा

    12-मार्च-2026
Total Views |
 
Farooq abdullah attack inside story
 
 
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) पर एक शादी समारोह के दौरान जानलेवा हमले की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित एक बैंक्विट हॉल में हुई, जहां एक निजी विवाह समारोह चल रहा था। समारोह में कई राजनीतिक हस्तियां और मेहमान मौजूद थे।
 
  
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति अचानक फारूक अब्दुल्ला के बेहद करीब पहुंच गया और उन पर फायरिंग करने की कोशिश की। हालांकि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और वे बाल-बाल बच गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
 
 
 
 
 
समारोह से बाहर निकलते समय हुआ हमला
 
 
रिपोर्ट्स के मुताबिक Farooq Abdullah एक वरिष्ठ वकील के परिवार के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। रात में जब कार्यक्रम लगभग समाप्त हो चुका था, तब वे समारोह स्थल से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। उनके साथ कुछ अन्य नेता भी मौजूद थे।
 
 
बैंक्विट हॉल के बाहर उस समय काफी भीड़ थी, क्योंकि कई लोग नेताओं को विदा करने के लिए खड़े थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति धीरे-धीरे उनके करीब पहुंच गया। सुरक्षा कर्मियों को उस समय तक किसी खतरे का अंदेशा नहीं था।
 
 
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे आरोपी कमल सिंह जमवाल नामक व्यक्ति अचानक फारूक अब्दुल्ला के पीछे पहुंच गया और उनकी कनपटी के पीछे पिस्तौल तानकर फायर करने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षा में तैनात जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया और बंदूक को हटा दिया। इसके बाद आरोपी को वहीं दबोच लिया गया। मौके से .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई। इस घटना से समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
 
 
 
 
 
कौन है हमलावर कमल सिंह जमवाल
 
 
पुलिस के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाले आरोपी की पहचान कमल सिंह जमवाल के रूप में हुई है। वह जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है और उसकी उम्र करीब 60–65 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह स्थानीय स्तर पर व्यापार करता है और पुराने शहर में उसकी कुछ दुकानें भी हैं, जिनसे उसका गुजारा चलता है। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार आरोपी की ही लाइसेंसी .32 बोर पिस्तौल थी। फिलहाल पुलिस उसकी पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।
 
 
पूछताछ में आरोपी का चौंकाने वाला दावा
 
 
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमल सिंह जमवाल ने चौंकाने वाला दावा किया है। उसने कहा कि वह पिछले लगभग 20 साल से Farooq Abdullah को मारने का इंतजार कर रहा था। उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि यह हमला किसी संगठन या साजिश का हिस्सा नहीं था, बल्कि उसका निजी एजेंडा था। रिपोर्ट्स के अनुसार उसने यह भी कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। हालांकि पुलिस उसके इन बयानों की सत्यता की जांच कर रही है।
 
 
 
 
 
 
साजिश या निजी दुश्मनी? जांच जारी
 
 
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी ने हमले के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी को वजह बताया है। उसका कहना है कि फारूक अब्दुल्ला के प्रति उसका गुस्सा काफी पुराना है और इसी कारण वह लंबे समय से मौके की तलाश में था।
 
 
हालांकि पुलिस का कहना है कि केवल आरोपी के बयान के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या अन्य सहयोगी तो नहीं हैं।
 
 
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
 
 
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर काफी देर से मौके की तलाश में था। जैसे ही Farooq Abdullah समारोह से बाहर निकले, उसने भीड़ का फायदा उठाकर उनके पीछे जाकर हमला करने की कोशिश की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है। वहीं इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ज़ेड-प्लस सुरक्षा मिलने के बावजूद हमलावर फारूक अब्दुल्ला के इतने करीब कैसे पहुंच गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।