Central Assembly Bombing Case : भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में कुछ तिथियाँ सिर्फ घटनाएँ नहीं होतीं वे विचार बन जाती हैं, चेतना बन जाती हैं। 8 अप्रैल 1929 ऐसी ही एक तारीख है, जब दो युवा क्रांतिकारियों भगत सिंह (Bhagat Singh) और बटुकेश्वर दत्त (Batukeshwar Dutt) ने दिल्ली की Central Legislative Assembly में बम फेंककर ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी।
यह घटना पहली नजर में भले एक हिंसक कार्रवाई लगे, लेकिन असल में यह एक सुनियोजित, प्रतीकात्मक और वैचारिक क्रांति थी, जिसका उद्देश्य किसी की जान लेना नहीं, बल्कि एक सोई हुई कौम को जगाना था।
काले कानूनों के खिलाफ उठी चिंगारी
उस समय अंग्रेज सरकार भारत में दमनकारी नीतियों को और मजबूत करने में जुटी थी। अपनी इन्हीं नीतियों को अमली जामा पहनाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत सेन्ट्रल असेंबली में ‘पब्लिक सेफ्टी बिल’ पास करवा चुकी थी और ‘ट्रेड डिस्प्यूट बिल’ पर चर्चा हो रही थी।
Public Safety Bill: इस कानून के जरिए बिना मुकदमे के किसी को भी गिरफ्तार करने का अधिकार सरकार को मिल जाता। ‘पब्लिक सेफ्टी बिल’ पर अध्यक्ष विट्ठलभाई पटेल का फैसला आना बाकी था, जिसमें सरकार को संदिग्धों पर बिना मुकदमा चलाए ही उन्हें गिरफ्तार करने का हक मिल रहा था।
ट्रेड डिस्प्यूट बिल : इस बिल के पास होते ही मजदूरों की हड़तालों को गैरकानूनी बनाने की तैयारी थी। यानि इस बिल के पास होने के बाद अगर मजदूर अपनी किसी मांगों को लेकर हड़ताल या अंग्रजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाते तो उन्हें जेल में ठूस दिया जाता।
इन दोनों विधेयकों ने भारतीयों के नागरिक अधिकारों को लगभग खत्म करने की राह खोल दी थी। देशभर में असंतोष था, लेकिन अंग्रेजी सत्ता इसे नजरअंदाज कर रही थी। अंग्रेजों द्वारा लाए जा रहे इस काले कानून के खिलाफ स्वतंत्रता आन्दोलन से जुड़े क्रांतिकारियों में बेहद रोष था। लिहाजा अब उन्होंने कुछ ऐसा करने की ठानी जो सीधे तौर पर अंग्रेजों के होश उड़ा सके।
भगत सिंह की दूरदर्शी योजना
Bhagat Singh यह समझ चुके थे कि केवल हथियार उठाकर अंग्रेजों को हराना संभव नहीं। उनकी असली रणनीति थी युवाओं के मन में क्रांति की ज्वाला जगाना। देश के युवाओं के भीतर देश भक्ति का भाव पैदा करना, जिससे वे अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठा सके और अपने अधिकारों के लिए लड़ सकें। लिहाजा, उन्होंने तय किया कि एक ऐसी घटना की जाए जो अंग्रेजों को झकझोर दे, जनता का ध्यान खींचे और क्रांतिकारी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए यही सोच उन्हें असेंबली तक ले गई।
धमाके बाद असेंबली में फेंका गया पत्र
धमाका, लेकिन बिना खून के
8 अप्रैल 1929 को, जब असेंबली में बहस चल रही थी, तभी भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने दो बम फेंके। लेकिन इस घटना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि बम जानबूझकर खाली स्थान पर फेंके गए। उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था, वे केवल आवाज और संदेश के लिए थे। इसके तुरंत बाद दोनों ने “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगाए, असेम्बली में पर्चे फेंके जिसपर इन काले कानूनों का विरोध किया गया था और लोगों को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई थी। अपने इस मकसद में कामयाब होने के तुरंत बाद भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने खुद की गिरफ्तारी दे दी।
असेंबली में फेंके गए पर्चों में फ्रांसीसी क्रांतिकारी ऑगस्ट वैलां का प्रसिद्ध कथन लिखा था। वो कथन था : “बहरों को सुनाने के लिए विस्फोट के बहुत ऊंचे शब्द की आवश्यकता होती है।”
यही इस पूरी कार्रवाई का सार था। यह बम नहीं, बल्कि एक संदेश था अंग्रेजों के लिए भी और भारतीयों के लिए भी।
गिरफ्तारी: एक रणनीतिक कदम
इस घटना के बाद भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त भाग सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।उन्होंने जानबूझकर गिरफ्तारी दी ताकि अदालत को विचारों का मंच बनाया जा सके, अपने उद्देश्यों को पूरे देश के सामने रखा जा सके। जब मुकदमा चला, तो भगत सिंह ने अदालत में अपने तर्कों से यह स्पष्ट किया कि वे कोई अपराधी नहीं, बल्कि एक विचार के प्रतिनिधि हैं।
अदालत से उठी देशभक्ति की लहर
जिस वक्त यह धमाका हुआ उस दौरान गिरफ्तारी के समय अंग्रेजी सुरक्षा कर्मी दोनों क्रांतिकारियों के करीब आने से डर रहे थे। उन्हें ऐसा लगने लगा कि दोनों लोगों के पास कोई घातक हथियार होगा, लेकिन ऐसा नहीं था किसी के पास भी कोई हथियार नहीं था। गिरफ़्तारी के बाद कोर्ट में पेशी हुई और जब भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त के खिलाफ मुकदमा चला तो उस दौरान अंग्रेजों ने कुछ गवाह ऐसा पैदा करने की कोशिश की जो कह सकें कि गिरफ्तारी के समय भगत सिंह के पास पिस्तौल थी।
हालाँकि कुल मिलाकर मुकदमे में ज्यादा दम नहीं था जिससे दोनों क्रांतिकारियों को बड़ी सजा मिल सके। अदालत में दिए गए उनके बयान अखबारों के जरिए पूरे देश में फैले। युवाओं में नई ऊर्जा आई, क्रांतिकारी आंदोलन को वैचारिक समर्थन मिला, भगत सिंह एक प्रेरणा और प्रतीक बन गए। हालाँकि, बाद में लाहौर षड्यंत्र केस में अंग्रेज सरकार ने उन्हें फांसी की सजा दिला दी, जबकि बटुकेश्वर दत्त को आजीवन कारावास हुआ।
एक धमाका जिसने इतिहास बदल दिया
8 अप्रैल 1929 का वह दिन केवल एक घटना नहीं थी वह एक घोषणा थी कि भारत अब चुप नहीं रहेगा। भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने यह साबित कर दिया कि क्रांति केवल हथियारों से नहीं, विचारों से भी होती है और कभी-कभी एक प्रतीकात्मक कदम, हजारों भाषणों से ज्यादा असरदार होता है।
आज भी जब “इंकलाब जिंदाबाद” गूंजता है, तो उसके पीछे वही असेंबली का धमाका सुनाई देता है - जो सिर्फ दीवारों तक सीमित नहीं था, बल्कि हर भारतीय के दिल में गूंज उठा था।