आतंक के इरादे से कश्मीर आया पाकिस्तानी आतंकी ; जम्मू-कश्मीर की हकीकत देख बदल गई सोच, जानें पूरा मामला'

पढ़ें "मिशन टेरर" से "मिशन हेयर" तक की पूरी कहानी

    18-मई-2026
Total Views |
 
Lashkar Terrorist Usman Bhatt Kashmir
 Ai Image
 
 
Pakistani Propaganda Exposed : एक आतंकी जिसे पाकिस्तान ने भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने के मकसद से भेजा, स्लीपर सेल खड़ा करने का काम सौंपा और जम्मू कश्मीर की शांति को भंग करने का मिशन दिया...वही आतंकी कश्मीर घाटी में आते ही वहां का बदलाव और हकीकत देख अपनी आतंकी सोच ही भूल बैठा।
 
 
जी हाँ, श्रीनगर में NIA ने एक ऐसे ही लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी को गिरफ्तार किया है जो जम्मू कश्मीर में आया तो था आतंकवाद फैलाने के मकसद से लेकिन कराने लगा हेयर ट्रांसप्लांट, भूल बैठा अपने आतंकी आकाओं से मिला अपना आतंकवाद का मिशन। NIA की पूछताछ में उस आतंकी ने पाकिस्तान और उसके आतंकी संगठनों से जुड़े कई अहम् खुलासे किए जिसे हम आपको सिलसिलेवार ढंग से बताते हैं।
 
 
क्या है पूरा मामला ?
 
 
दरअसल यह बात पूरी दुनिया को पता है कि पाकिस्तान वर्षों से जम्मू कश्मीर को लेकर कैसे एक झूठी कहानी गढ़ता आया है। वहां के आतंकी कैंपों में आतंकियों को यह सिखाया जाता है कि कश्मीर में मुस्लिमों पर अत्याचार हो रहा है, कश्मीर के लोग भारत से नफरत करते हैं और घाटी में सिर्फ डर और दमन का माहौल है। इसी जहरीले प्रोपेगेंडा के सहारे पाकिस्तान आतंकियों को भारत भेजता है, ताकि वे यहां खून-खराबा कर सकें और अमन शांति को भंग करें। लेकिन इस बार पाकिस्तान के उसी झूठ की पोल किसी भारतीय एजेंसी ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान से भेजे गए एक आतंकवादी ने ही खोल दी।
 
 
लाहौर का रहने वाला लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ “चाइनीज” जब कश्मीर पहुंचा, तो उसने यहां की हकीकत देखकर खुद माना कि उसे पाकिस्तान में जो बताया गया था, सच उससे बिल्कुल अलग है। NIA की पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कश्मीर घाटी में जिंदगी बिलकुल सामान्य थी, लोग अपने काम में व्यस्त थे और भारत को लेकर वह नफरत कहीं दिखाई नहीं दी, जिसकी कहानियां उसे आतंकी प्रशिक्षण शिविरों में सुनाई गई थीं।
 
 
जिहाद छोड़ कराने लगा हेयर ट्रांसप्लांट
 
 
अब यह विडंबना देखिए कि जिस आतंकी को पाकिस्तान ने कश्मीर में खून बहाने के मकसद से भेजा था, वह श्रीनगर में आकर हेयर ट्रांसप्लांट कराने में व्यस्त हो गया। जट्ट ने पूछताछ में बताया कि बाल झड़ने की समस्या से वह लंबे समय से परेशान था। उसे लगता था कि हेयर ट्रांसप्लांट जैसी सुविधा केवल पश्चिमी देशों में मिलती होगी। लेकिन श्रीनगर में एक दुकानदार से बातचीत के दौरान उसे पता चला कि यहां यह सुविधा उपलब्ध है। इसके बाद वह लगातार उस व्यक्ति के संपर्क में रहा और आखिरकार श्रीनगर में ही उसका हेयर ट्रांसप्लांट कराया गया।
 
 
पाकिस्तान के झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश
 
 
सोचिए, जिस कश्मीर को पाकिस्तान दुनिया के सामने “युद्ध क्षेत्र” और “दमन की भूमि” बताता है, उसी कश्मीर में पाकिस्तान से आया आतंकी सामान्य नागरिक की तरह इलाज करवा रहा था, बाजारों में घूम रहा था और भविष्य की योजनाएं बना रहा था। यह घटना सिर्फ एक आतंकवादी की गिरफ्तारी की कहानी नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के दशकों पुराने झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश है।
 
 
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में यह भी सामने आया कि जट्ट का संपर्क लश्कर के कई आतंकियों और ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) से था। वह उत्तर और मध्य कश्मीर संभाग में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। लेकिन धीरे-धीरे उसका ध्यान अपने मिशन से हटकर भारत में नई पहचान बनाने पर केंद्रित हो गया।
 
 
पूछताछ में उसने बताया कि वह असली आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट बनवाकर भारत से बाहर भागना चाहता था। वह पंजाब के मालेरकोटला तक पहुंच गया था, जहां वह तुर्की धारावाहिक देखता और अंग्रेजी सीखने की कोशिश करता था।
 
 
दुनिया के लिए संदेश
 
 
यह पूरा मामला केवल सुरक्षा एजेंसियों के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी एक संदेश है। पाकिस्तान जिस “कश्मीर नैरेटिव” को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेचने की कोशिश करता है, उसकी सच्चाई अब उसके अपने प्रशिक्षित आतंकी ही उजागर कर रहे हैं। कश्मीर आज आतंक नहीं, बल्कि विकास, शिक्षा, पर्यटन और सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहा है। यही कारण है कि पाकिस्तान की सबसे बड़ी परेशानी अब यह है कि उसका झूठ ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पा रहा।
 
 
एक समय था जब पाकिस्तान घाटी में डर का माहौल बनाकर दुनिया को भ्रमित करता था। लेकिन आज सच्चाई यह है कि वही आतंकी, जिन्हें भारत के खिलाफ जहर भरकर भेजा जाता है, यहां आकर भारतीय व्यवस्था और सामान्य जीवन की वास्तविकता देखकर खुद पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा पर सवाल उठाने लगते हैं।