'आंख की रोशनी 85 % गई, जेल में हो सकती है मौत', इमरान खान के बेटे कासिम ने सरकार-सेना पर लगाए गंभीर आरोप

    26-अगस्त-2026
Total Views |

पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) की मेडिकल रिपोर्ट भले ही इमरान खान को पूरी तरह स्वस्थ और फिट बताए, लेकिन उनके परिजन इससे इत्तेफाक नहीं रखते. बहन डॉ. उजमा खान के बाद अब इमरान की सेहत को लेकर उनके बेटों कासिम और सुलेमान खान ने चिंता जाहिर की है.

कासिम का दावा है कि उनके पिता ( Imran Khan) की एक आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है. उनको अकेले, बिना खिड़की वाली कोठरी में रखा जाता है. इससे उनकी सेहत बहुत ज्यादा बिगड़ चुकी है. कासिम ने आशंका जताई है कि अगर उनके पिता को सही इलाज नहीं दिया गया, तो उनकी मौत हो सकती है.

खान के दूसरे बेटे सुलेमान का कहना है कि पिछले 10 महीनों से वो अपने पिता से नहीं मिल पाए हैं. उन्होंने इसे मानवाधिकार का उल्लंघन बताया और कहा कि उनके पिता के साथ किए जा रहे खराब व्यवहार में पूरा सिस्टम शामिल है.

इमरान के अंतरराष्ट्रीय वकील जेरेड गेन्सर ने भी उनकी जेल की स्थितियों को स्लो पॉइजन मर्डर बताया है.

इससे पहले इमरान खान की बहन डॉ. उजमा भी उनकी सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर चुकी हैं. उजमा ने शहबाज सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनको आइसोलेशन में रखा जा रहा है. किताब,टीवी या अखबार तक उनको नहीं उपलब्ध करवाए जा रहे हैं. और इसका गंभीर परिणाम उनकी सेहत पर पड़ रहा है.

इतना ही नहीं, उजमा के मुताबिक इमरान खान ने उनको बताया था कि सरकार मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति मोर्सी की तरह उनको मारना चाहती है

बता दें कि डॉ. उजमा खान ने 20 अगस्त की रात इमरान खान से तब मुलाकात की थी, जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद खान को इलाज के लिए जेल से बाहर लाया गया था. हलांकि पाकिस्तान सरकार ने कोर्ट के आदेश के मुताबिक इमरान को शिफा अस्पताल न ले जाकर उनकी जांच PIMS में करवाई थी, जहां डॉक्टर्स की टीम ने उन्हें स्वस्थ करार दे दिया था. जम्मू कश्मीर नाऊ