LoC पर क्या कर रहे हैं तुर्किये के Bayraktar TB2 ड्रोन ? समझिये पाकिस्तानी साजिश की पूरी कहानी

    26-अगस्त-2026
Total Views |
 
Pakistan Bayraktar TB2
 
पाकिस्तान ने लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास तुर्की निर्मित Bayraktar TB2 ड्रोन की तैनाती की है। भारतीय खुफिया एजेंसियों को LoC के आसपास इन ड्रोन की गतिविधियां नजर आई हैं। माना जा रहा है कि पाकिस्तान इनका इस्तेमाल भारतीय सैन्य गतिविधियों और संवेदनशील इलाकों की टोही और निगरानी के लिए कर रहा है।
 
 
Bayraktar TB2 मध्यम ऊंचाई पर लंबे समय तक उड़ान भरने वाला हथियारबंद ड्रोन है। यह खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और टोह लेने के साथ-साथ सटीक हमले करने में भी सक्षम है। इसमें लगे इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर रियल-टाइम तस्वीरें उपलब्ध करा सकते हैं, जिससे लंबे समय तक हवाई निगरानी संभव होती है। रूस-यूक्रेन युद्ध में भी इस ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है।
 
 
 
 
 
LoC पर TB2 की तैनाती क्यों अहम?
 
LoC के करीब ऐसे ड्रोन की मौजूदगी पाकिस्तान को भारतीय इलाकों की भौगोलिक स्थिति, सैन्य गतिविधियों और आवाजाही पर नजर रखने में मदद कर सकती है। TB2 की लंबी अवधि तक निगरानी करने की क्षमता इसे सामान्य निगरानी ड्रोन से अधिक गंभीर चुनौती बनाती है। जरूरत पड़ने पर यह हथियारों के साथ सटीक हमला भी कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने अपने UAV ऑपरेशन्स के लिए मुरीदके एयरबेस को एक अहम केंद्र बनाया है।
 
 
वहीं पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में मुजफ्फराबाद और कोटली जैसे इलाकों के आसपास ड्रोन संचालन से जुड़े ग्राउंड इंफ्रास्ट्रक्चर और मोबाइल लॉन्च यूनिट्स की तैनाती की जानकारी भी सामने आई है।
 
 
भारत की भी पैनी नजर
 
 
पाकिस्तान की इस ड्रोन रणनीति के बीच भारत ने सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम, इन्फ्रारेड सेंसर, निगरानी कैमरे और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम को मजबूत किया है। इसका उद्देश्य दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर उन्हें समय रहते निष्क्रिय करना और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। 
 
ऐसे में LoC पर Bayraktar TB2 की गतिविधियां भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए निगरानी का एक अहम विषय बन गई हैं।