
PoJK में रेंजर की मौत या फिर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को पटरी से उतारने की साजिश ! क्या है पूरा मामला समझते हैं. दरअसल PoJK पुलिस ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है. जिसमें प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में गोली लगने से एक रेंजर की मौत का दावा किया गया है. पुलिस नोटिफिकेशन के मुताबिक मृतक रेंजर खैरपुर, सिंध का रहने वाला था. उसका नाम शाह नवाज बताया गया है.
जॉइंट एक्शन आवामी कमेटी ने पुलिस के इस दावे पर सवाल खड़े किये हैं. कमेटी का कहना है कि जिस रेंजर की फोटो को मीडिया में मृतक के तौर पर दिखाया जा रहा है, ठीक इसी तरह के एक रेंजर की मौत साल 2024 में हुई थी. जिसकी सारी डिटेल सार्वजनिक तौर पर मौजूद हैं.
कमेटी का कहना है कि अगर सच में किसी रेंजर की मौत प्रदर्शन में हुई है, तो उसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए. ऐसा संभव हो सकता है कि एक ही इलाके से दो एक ही नाम के रेंजर रहें हों. इसलिए मृतक रेंजर की पूरी जानकारी सार्वजनिक करना ज्यादा जरूरी है.
PoJK पुलिस के मुताबिक सरसावा-थोरार-थल सर्कल में सड़क खाली कराने के ऑपरेशन के दौरान अवामी एक्शन कमेटी के हथियारबंद लोगों ने ऑटोमैटिक हथियारों का अंधाधुंध इस्तेमाल किया. जिसमें गोली लगने से एक रेंजर की मौत हो गई, जबकि एक और रेंजर गंभीर रूप से घायल है. पुलिस के इस दावे को अवामी एक्शन कमेटी ने सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों के पास हथियार नहीं हैं.
अब देखना होगा कि क्या पुलिस मृतक रेंजर की पूरी डिटेल सार्वजनिक करती है? या फिर ये प्रोटेस्ट को डिरेल करने की पुलिस और पाकिस्तानी सेना की एक और घटिया चाल साबित होती है. आपको बता दें कि PoJK में 38 सूत्री मांगों को लेकर JAAC के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी 80 से ज्यादा दिनों से सड़क पर हैं.
जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली