पाकिस्तान ने आतंकी मसूद अजहर पर रखे गए इनाम को 50 लाख से बढ़ाकर 70 लाख कर दिया है. लेकिन भारत का जवाब साफ है, ये सिर्फ दिखावा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया को गुमराह कर रहा है. हमने पहले भी ऐसे ड्रामे देखे हैं.
पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) ने आतंकियों की नई रेड बुक में मसूद अजहर को एक बार फिर भगोड़ा घोषित किया, और उस पर रखी इनामी राशि को बढ़ा दिया है. रेड बुक FIA की ऐसी सूची है, जिसमें देश के मोस्ट वॉन्टेड और हाई-प्रोफ़ाइल आतंकवादियों के बारे में जानकारी दर्ज की जाती है.
अब सवाल ये है कि पाकिस्तान को पता है मसूद अजहर कहां बैठा है, उसके ठिकाने खुलेआम चल रहे हैं. फिर भी गिरफ्तारी क्यों नहीं?
इसका जवाब टाइमिंग में छिपा है. FATF जो कि एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, और देशों को मनी लॉन्ड्रिंग, टेरर फंडिंग रोकने के लिए मानक तय करने का काम करती है. उसकी बैठक अक्टूबर 2026 में होने वाली है. पाकिस्तान इसकी ग्रे लिस्ट में जाने से डर रहा है. यह सारा कागजी ड्रामा उसी के लिए है. क्योंकि अगर पाकिस्तान इसकी ग्रे लिस्ट में जाता है, तो उसे...
-IMF, वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाओं से कर्ज मिलने में मुश्किल होगी
-वैश्विक वित्तीय संस्थाएं कर्ज देने की एवज में कड़ी शर्तें थोपेंगी
-नया बेल आउट पैकेज मिलने में भी बड़ी परेशानी होगी
पाकिस्तान इससे पहले तीन बार FATF की ग्रे लिस्ट में रह चुका है.
आपको बता दें कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और प्रमुख मसूद अजहर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा घोषित एक अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी है. उसे भारत ने भी मोस्ट वांटेड आंतकी घोषित किया है. मसूद और उसका संगठन भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है. जिनमें प्रमुख हैं.
-2001 का संसद हमला
-2016 का पठानकोट एयरबेस हमला
-2019 का पुलवामा हमला
मई 2025 में, भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय मरकज सुभानअल्लाह पर एयर स्ट्राइक कर मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य और 4 करीबी सहयोगी मार दिये थे. जिनके जनाजे में पाकिस्तानी सेना के उच्च अधिकारी शामिल हुए थे.
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के पास इस बात के पुख्ता प्रमाण हैं कि मसूद अजहर पाकिस्तान में ही है. लेकिन पाकिस्तान उसे अरेस्ट करने की जगह, इनामी राशि बढ़ा कर हमेशा की तरह दुनिया की आंख में धूल झोंकने की कोशिश कर रहा है. लेकिन ऐसा करके पाकिस्तान अब किसी को बेवकूफ नहीं बना सकता. भारत का संदेश साफ है, दिखावा बंद करो, ठोस कार्रवाई करो. जम्मू कश्मीर नाऊ दिल्ली