जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 2 आतंकी ढेर, जैश से कनेक्शन की जांच, जानें इस साल अब तक कितने आतंकी हुए ढेर ?

    17-सितंबर-2026
Total Views |
 
jammu kashmir encounter udhampur
 
‘भाग तो सकते हो, लेकिन बच नहीं सकते..’ जम्मू कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। मजलता के सोहन इलाके में चल रहे तलाशी अभियान के दौरान दो आतंकियों के शव बरामद किए गए हैं। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार रात से ही घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। गुरुवार सुबह अभियान के दौरान दोनों आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई।
 
शुरूआती जानकारी के मुताबिक, दोनों आतंकी पाकिस्तानी बताये जा रहे हैं, जिनकी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका है। सुरक्षाबलों को घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
 
बता दें कि सुरक्षा बलों को अपने सूत्रों से सोहन इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके को घेरकर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) शुरू किया। रातभर तलाशी के बाद सुबह जब इलाके में सर्च बढ़ाया तो दो आतंकियों के शव मिले।
 
इस अभियान में सेना, राष्ट्रीय राइफल्स और स्पेशल पैरा फोर्स के जवान शामिल रहे। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को सहयोग दिया। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आतंकियों के साथ कोई और साथी तो मौजूद नहीं था।

 
इस वर्ष अब तक इतने आतंकी हुए ढेर ?

सितंबर तक जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में 15 आतंकी मारे गए हैं। इस दौरान 2 सुरक्षाकर्मी बलिदान हुए, जबकि 3 नागरिकों की भी जान गई है।

  • जनवरी: 2 आतंकी ढेर, 1 सुरक्षाकर्मी बलिदान
  • फरवरी: 6 आतंकी ढेर, उधमपुर में 2, किश्तवाड़ में 1 और राजौरी में 3
  • मार्च: राजौरी-बारामुला मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर
  • अप्रैल: गांदरबल मुठभेड़ में 1 आतंकी ढेर
  • जुलाई: शोपियां में LeT कमांडर जाकिर गनई समेत 1 आतंकी ढेर, 1 सुरक्षाकर्मी बलिदान और 2 नागरिकों की मौत
  • सितंबर: अब तक 4 आतंकी ढेर, इनमें बडगाम में 1, उधमपुर में 2 और रामपुर में 1 आतंकी ढेर
कुल मिलाकर सितंबर तक 15 आतंकी मारे गए, 2 सुरक्षाकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए और 3 नागरिकों की मौत हुई।

उधमपुर में हुई यह कार्रवाई बताती है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा बलों की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। रक्षा मंत्रालय की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में भी जम्मू-कश्मीर में हिंसा में कमी, पथराव की घटनाओं के शून्य होने और सुरक्षा स्थिति के नियंत्रण में रहने का उल्लेख किया गया है। ऐसे में उधमपुर में दो आतंकियों का मारा जाना यह साफ संकेत देता है कि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति आगे भी कायम रहेगी और आतंक के बचे हुए नेटवर्क पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।