पहले 2 हफ्तों में ही दूसरी बार फिर रोकी गयी अमरनाथ यात्रा, अलगाववादियों के बंद के चलते जम्मू कैंप से नहीं रवाना हुआ यात्रियों का जत्था
   13-जुलाई-2019
 Representative Pic
 
 
जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से आज अमरनाथ यात्रियों का कोई नया जत्था रवाना नहीं हुआ। 13 जुलाई के दिन घाटी में अलगाववादी संगठनों ने बंद का ऐलान कर रखा है। इसीलिए सुरक्षा कारणों से कोई अमरनाथ यात्रा फिर से रोक दी गयी। अधिकारियों के मुताबिक आदेश मिलने के बाद ही यात्रियों के जत्थे को बेस कैंप से चलने की इजाजत दी जायेगी।
 
 
आपको बता दें कि पहले 2 हफ्तों में ही दूसरी बार जम्मू से यात्रियों के जत्थे की यात्रा बंद करनी पड़ी है। शनिवार 13 जुलाई से पहले 8 जुलाई को भी जम्मू कैंप से बालटाल और पहलगाम कैंप तक के लिए यात्रियों को रोक दिया गया था। जिस दिन अलगाववादी संगठनों ने घाटी में आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने की बरसी पर बंद का ऐलान किया था।
 
 
हालांकि ये रोक जम्मू कैंपस से बालटाल कैंप और पहलगाम कैंपस तक के सफर पर ही लगायी गयी है, श्री अमरनाथ पवित्र गुफा में दर्शन लगातार जारी है। अब तक 1 लाख 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। लेकिन चूंकि यात्रा पहले ही घटाकर 45 दिन की कर दी गयी है, ऐसे में 2 दिन यूं बंद के चलते यात्रा पर रोक लगाने को बेहतर संकेत नहीं माना जा सकता।